आसनसोल-बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ का चाहे जितना भी नारा लगा लो, लेकिन हमारे देश के लोग को कोई फर्क नहीं पड़ता। अक्सर ही दहेज उत्पीड़न को लेकर बहू बेटियों को जान से मारने की खबर सुर्ख़ियों की तरह न्यूज़ पेपर, टी वी चैनल में छाई रहती है। एक ऐसे ही हैवानियत की घटना आसनसोल के धेमोमैन कोलियरी से सामने आई है। इस दौरान हैवानियत भरी जो वीडियो ली गई है ,उसे देखने के बाद आपके विचलित होने की सम्भवना है.
इस वीडियो में एक गृहवधु को दरिंदों ने जिंदा जला दिया है,और इसकी वजह है हमारे सभ्य समाज का दहेज प्रथा। घटना को लेकर आसपास के लोगों ने बताया कि 2015 साल में कंचन नोनिया की शादी धेमोमेन के रहने वाले सुधीर नोनिया से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वाले कंचन के मायके वालों पर रुपए देने का दबाव डाल रहे थे। मृतका के माता-पिता का कहना है की शादी के वक्त लड़के वालों की तरफ से दहेज के रूप में 3 लाख रुपए की मांग की गई थी लेकिन हम लोग दिहाड़ी मजदूर रहने की वजह से 2 लाख 80 हजार रुपए ही दे पाए। मात्र 20000 रुपए कम देने की वजह से उनकी लड़की को अक्सर ही ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जाता रहा। यहां तक की कंचन के पास उसके बच्चों को भी जाने नहीं दिया जाता था। मृतका के माता-पिता की तरफ से यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि कंचन को उसके ससुराल वालों ने जलाकर मार डाला है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि 4 महीने पहले कंचन ने एक बेटी को जन्म दिया और इस दौरान ससुराल वालों की तरफ से किसी भी प्रकार का इलाज कंचन का नहीं करवाया गया। बच्चे के जन्म के बाद कंचन के शरीर में खून की कमी हो गई थी जिसकी वजह से वह मानसिक रूप से बीमार भी रहने लगी, पर इन सब से उसके ससुराल वालों को किसी भी तरह का कोई फर्क नहीं पड़ा। गुरुवार दोपहर जब सुधीर नोनिया के घर से चमड़े के जलने की बदबू आ रही थी तो आसपास के लोगों ने उनसे सवाल किया तो वह लोग बड़े आराम से आसपास के लोगों को झूठा बहाना बनाया कि घर में बकरे का मांस भुन रहे हैं। गंध काफी तेज होने की वजह से जब आसपास वाले लोगों को शक होने लगा तो उन्होंने घर के अंदर झांक कर देखा तो जो नजारा था वह लोगों को अंदर तक झकझोर डाला। आंगन में कंचन नोनिया आग में जल रही थी। आग में काफी देर जलने की वजह से अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत ही इस घटना की जानकारी स्थानीय थाने में देने के साथ ही कंचन के मायके वालों को भी दी गई। मायके वालों की तरफ से सास-ससुर पति के खिलाफ थाने में एफ आई आर दर्ज करवाई गई जिसके आधार पर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है।

0 टिप्पणियाँ