हालीशहर (उत्तर 24 परगना):
हालीशहर नगर पालिका के वार्ड नंबर 16 स्थित इब्राहिम मस्जिद से सटे एक लॉज के निचले हिस्से में पिछले पांच वर्षों से फर्जी डॉक्टर बनकर मरीजों का इलाज करने का गंभीर मामला सामने आया है। यह आरोप नैहाटी के हाजीनगर इलाके के निवासी साबिर अली पर लगा है। स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं का दावा है कि आरोपी बिना किसी वैध मेडिकल डिग्री या रजिस्ट्रेशन के लंबे समय से क्लिनिक चला रहा था।
आरोप है कि साबिर अली द्वारा मरीजों को दी जाने वाली दवा की पर्चियों (प्रिस्क्रिप्शन) पर किसी भी डॉक्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज नहीं है। इसके अलावा, क्लिनिक की आड़ में अवैध रूप से दवाएं बेचने का भी संगीन आरोप लगा है। इस खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों ने स्थानीय प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बीजपुर के विधायक सुदीप्त दास ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सेहत और जीवन के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने स्पष्ट किया कि वह इस पूरे मामले की जांच के लिए प्रशासन को अवगत कराएंगे और यदि आरोपी के पास वैध मेडिकल दस्तावेज नहीं पाए जाते हैं, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


0 टिप्पणियाँ