मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के हरिहरपाड़ा में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता के बयान से सियासी और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। दक्षिण मुर्शिदाबाद जिला भाजपा के सांगठनिक सचिव विष्णुचरण शिकदार ने मंच से संबोधित करते हुए सख्त चेतावनी दी है कि अब परिवार के सदस्यों को छोड़कर किसी अन्य महिला को 'भाभी' या 'बौदी' कहकर नहीं बुलाया जा सकेगा।
हरिहरपाड़ा थाना क्षेत्र के भवानीपुर इलाके में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए विष्णुचरण शिकदार ने कहा, "अपने घर के लोगों को छोड़कर बाहर किसी भी महिला को भाभी या बौदी कहकर नहीं पुकारा जा सकता। यदि महिला उम्र में बड़ी है तो उन्हें 'दीदी' कहें और यदि छोटी है तो 'बहन' कहकर संबोधित करें।" इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक मर्यादा का हवाला देते हुए किसी भी दोस्त को घर पर न बुलाने की भी हिदायत दी।
अपने संबोधन के दौरान भाजपा नेता ने बुजुर्ग माता-पिता की उपेक्षा करने वाले बेटों को भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि इलाके में कोई संतान अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल नहीं करती है, तो ऐसे परिवारों की एक सूची बनाकर उन्हें सौंपी जाए। विष्णुचरण शिकदार ने आश्वासन दिया कि वे खुद हस्तक्षेप कर उन बुजुर्ग माता-पिता के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था उनके बेटों के घर पर ही सुनिश्चित कराएंगे।

0 टिप्पणियाँ