रानीगंज: फुटबॉल और क्रिकेट की चकाचौंध के बीच दिमाग की कसरत वाले खेल 'ब्रिज' ने रानीगंज में नया उत्साह जगा दिया है.इस अनूठी मुहिम का सारथी बना है खदान आंचल का गौरव और 80 साल पुराना 'सियारसोल स्पोर्ट्स एंड कल्चरल एसोसिएशन'. क्लब का वार्षिक ब्रिज टूर्नामेंट इस बार अपनी भव्यता के कारण विशेष चर्चा में है.
दो दिवसीय इस महासंग्राम में जिला व राज्य की सीमाओं को पार करते हुए बांकुडा, पुरुलिया, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, कटवा और पूर्वी बर्दवान से आईं 256 टीमों के धुरंधरों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में भारतीय स्तर के स्टार खिलाड़ी संजीव डे की मौजूदगी ने प्रतियोगिता की गरिमा और बढ़ा दी
ऑक्शन से कॉन्ट्रैक्ट तक, नौकरी की राह
वर्तमान में यहां 'ऑक्शन ब्रिज' खेला जा रहा है, जिससे 'कॉन्ट्रैक्ट ब्रिज' तक पहुंचने के रास्ते खुलते हैं. यह अब केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय 'माइंड स्पोर्ट्स' बन चुका है. एशियन गेम्स में स्वर्ण विजेता प्रणब वर्धन और अर्जेंटीना के विश्व मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चैंपियन बने संदीप डे व विनोद साहा इसके जीवंत उदाहरण हैं. इन सफलताओं ने साबित कर दिया है कि ब्रिज में केंद्र और राज्य सरकार के खेल कोटे से नौकरी पाने की उज्ज्वल संभावनाएं हैं.
बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी
राष्ट्रीय स्तर पर 1,000 में से 200 महिलाओं की भागीदारी इस खेल की बदलती तस्वीर को बयां करती है.सियारसोल स्पोर्ट्स एंड कल्चरल एसोसिएशन इस क्षेत्र की महिलाओं को आकर्षित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण की योजना भी बना रहा है.
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 40,000 रुपये नकद व ट्रॉफी, और उपविजेता को 34,000 रुपये का पुरस्कार मिलेगा. अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संदीप डे ने क्लब की पहल की सराहना करते हुए ब्रिज के उज्ज्वल भविष्य पर प्रकाश डाला.


0 टिप्पणियाँ