पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शैलेंद्र बसु रोड स्थित उक्त अपार्टमेंट के निवासी रोहित चौधरी के पास बीती रात कुशल जायसवाल और कुछ अन्य दोस्त आए थे। सभी लोग इमारत की छत पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी और विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पहले हवा में दो राउंड गोलियां चलाई गईं और इसके बाद कुशल जायसवाल पर गोली चला दी गई। गोली कुशल के पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल कुशल को तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सूचना मिलते ही गोलाबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहित चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, घटना में शामिल अन्य युवक मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से कड़ी पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोलीबारी की असली वजह क्या थी और हथियार कहां से आया था। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

0 टिप्पणियाँ