21 वर्षों से साइडिंग में मजदूरी कर रहा था सुकुमार गोवाला, हादसे के बाद मजदूरों ने काम बंद कर किया प्रदर्शन; उचित मुआवजे की मांग पर अड़े
![]() |
| प्रदर्शन करते श्रमिक,मृतक |
रानीगंज: रानीगंज रेलवे स्टेशन की साइडिंग में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रक की चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान रानीगंज के कुमार बाजार स्थित राजवार पाड़ा निवासी सुकुमार गोवाला (35-40 वर्ष) के रूप में हुई है. वह पिछले करीब 21 वर्षों से रेलवे साइडिंग में माल लोडिंग और अनलोडिंग का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे.उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.बताया जाता है कि उनकी तीन बेटियां हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को सुकुमार रोजाना की तरह रेलवे यार्ड में माल लोडिंग-अनलोडिंग के काम में जुटे थे. इसी दौरान एक ट्रक पीछे की ओर बैक करते हुए सुकुमार उसकी चपेट में आ गये. हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी.
घटना की खबर फैलते ही रेलवे साइडिंग में काम कर रहे मजदूरों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. साथी मजदूरों ने काम बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. उनकी मांग है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाये तथा परिवार के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाये.
सूचना मिलने पर जीआरपी और रानीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने तथा स्थिति को सामान्य करने का प्रयास करते रहे, हालांकि, मजदूर मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं.परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की असामयिक मौत ने तीन बेटियों के भविष्य को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा कर दी है.



0 टिप्पणियाँ