झाड़ग्राम:जिस समय चारों तरफ उत्सव का माहौल था, मनसा पूजा को लेकर आनंद और उल्लास छाया हुआ था, ठीक उसी पल मौत का साया उतर आया! पल भर में एक युवा जीवन का सफर हमेशा के लिए थम गया। अब शायद ही कभी सोशल मीडिया पर वह परिचित आवाज सुनाई देगी— "जयहिंद दोस्त, मैं राहुल, आप देख रहे हैं राहुल स्नेक एक्सपर्ट का चैनल..."। सर्पप्रेमी राहुल दंडपाट की वह जानी-पहचानी पुकार हमेशा के लिए शांत हो गई।झाड़ग्राम जिले के गोपीवल्लभपुर-2 ब्लॉक के चैनीशोल बसस्टैंड इलाके के रहने वाले थे राहुल। सांपों के प्रति उनका प्रेम अनूठा था। कहीं भी सांप निकलने पर वह आतंकित लोगों का पहला सहारा बन जाते थे। एक फोन आते ही वे घटनास्थल पर दौड़पड़ते थे। घरों से सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें जंगलों में छोड़ना उनका जाना-पहचाना काम था। लोगों की मदद करने और वन्यजीवों के प्रति उनके लगाव ने ही उन्हें इलाके में एक अलग पहचान दिलाई थी।राहुल हर साल अपने घर पर मनसा पूजा का आयोजन करते थे। उनकी पहल पर ही पूजा के अवसर पर बंगाल की लोक संस्कृति का पारंपरिक 'झापान' उत्सव आयोजित किया जाता था। लेकिन उसी उत्सव की खुशियों के बीच ऐसा वज्रपात होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर मनसा पूजा का घट लेकर लौटते समय राहुल सांप का खेल दिखा रहे थे। उसी दौरान एक विषैले सांप ने उनके हाथ में डस लिया।परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। जो राहुल कभी लोगों के फोन पर जान जोखिम में डालकर सांप रेस्क्यू करने दौड़ जाते थे, आज उनके निधन की खबर से वही लोग गहरे सदमे में हैं। अब किसी घर से सांप रेस्क्यू करने का बुलावा नहीं आएगा, और न ही राहुल कभी वहां दौड़कर पहुंचेंगे। सोशल मीडिया के वीडियो में अब उनका जाना-पहचाना चेहरा नजर नहीं आएगा।
हालांकि, इस दर्दनाक घटना के बाद एक गंभीर सवाल भी सामने आ रहा है। वन्यजीवों के रेस्क्यू और विषैले सांपों के सुरक्षित प्रबंधन जैसे कामों में वन विभाग की भूमिका क्या है? क्या राहुल जैसे सर्पप्रेमी बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण और सुरक्षा उपकरणों के जोखिम उठाने को मजबूर थे? जो काम प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा किए जाने चाहिए, उनमें आम लोगों की भागीदारी को लेकर क्या और अधिक जागरूकता और सरकारी सहयोग की जरूरत नहीं थी?राहुल की मौत न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि इलाके के लोगों के लिए भी एक गहरा खालीपन छोड़ गई है। खुशियों के साथ शुरू हुआ दिन आंसुओं और विषाद के साथ समाप्त हुआ।
आज वह आवाज फिर नहीं सुनाई देगी— "जयहिंद दोस्त, मैं राहुल, आप देख रहे हैं राहुल स्नेक एक्सपर्ट का चैनल..."। पीछे छूट जाएंगी तो सिर्फ यादें। और पीछे रह जाएगा एक सवाल—दूसरों की मदद करने में राहुल जैसे और कितने युवाओं को अपनी जिंदगी दांव पर लगानी पड़ेगी?


0 टिप्पणियाँ