बच्चों के जंपिंग झूले की लोहे की जाली में उतरा करंट; श्रीरामपुर निवासी किशोर की अस्पताल ले जाते समय गई जान
हावड़ा (आंदुल), 26 नवंबर: आंदुल के रास मेले में करंट लगने से एक बाल श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीते दिन शाम करीब 5 बजे घटित हुआ। मृतक किशोर की उम्र 15 वर्ष बताई जा रही है और वह श्रीरामपुर का निवासी था।
जंपिंग झूले की लोहे की जाली में उतरा करंट
स्थानीय निवासियों ने बताया कि मेले में बच्चों के खेलने के लिए लगाए गए जंपिंग मंच के चारों ओर लोहे की जाली लगी हुई थी। किसी तरह उस लोहे की जाली में बिजली का करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर बुरी तरह झुलस गया। बताया जा रहा है कि मृतक किशोर उसी झूला मालिक के पास काम करता था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, मालिक की लापरवाही का आरोप
करंट लगने के तुरंत बाद किशोर को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि बिजली के तारों का उचित रखरखाव (मेंटेनेंस) न करने और झूला मालिक की घोर लापरवाही के कारण ही यह दुर्घटना हुई और एक मासूम की जान चली गई।


0 टिप्पणियाँ