चपुई में घंटों तनाव, भारी पुलिस बल तैनात; जांच में जुटी पुलिस, परिवार की ओर से नहीं आया कोई बयान
- जिला परिषद सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी के पुत्र पवित्र बाउरी पर लगे आरोप
- आक्रोशित ग्रामीणों ने सभाधिपति के आवास के बाहर किया प्रदर्शन
- प्रदर्शन के दौरान घर में तोड़फोड़ का आरोप, पुलिस ने संभाला मोर्चा
- मामले की जांच शुरू, अब तक परिवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं
रानीगंज: पश्चिम बर्धमान जिले के जामुड़िया थाना क्षेत्र के चपुई गांव में बुधवार को जिला परिषद सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी के पुत्र पवित्र बाउरी पर पड़ोस की एक विवाहित महिला के साथ कथित संबंध और दुर्व्यवहार के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हुआ.आरोप सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सभाधिपति के आवास के बाहर जुट गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान आवास में तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
ग्रामीणों का आरोप है कि पवित्र बाउरी और पड़ोस की विवाहित महिला के बीच लंबे समय से व्यक्तिगत संबंध थे.उनका दावा है कि हाल के दिनों में दोनों के बीच संबंध बिगड़ने के बाद मामला सार्वजनिक हुआ. घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और लोग बड़ी संख्या में सभाधिपति के घर के बाहर पहुंच गए. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान माहौल अचानक उग्र हो गया. आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारी घर के भीतर घुस गए और दरवाजे, खिड़कियों समेत अन्य सामान में तोड़फोड़ की.स्थिति बिगड़ते देख जामुड़िया थाना पुलिस तथा अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने लोगों को समझाकर भीड़ को शांत कराया और कानून-व्यवस्था बहाल की. एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है.
इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है, हालांकि, समाचार लिखे जाने तक जिला परिषद सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी या उनके परिवार की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी. पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है.
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

0 टिप्पणियाँ