बांकुड़ा: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के ओंदा प्रखंड के पुनिशोल क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं के पैसे के कथित गबन और विभिन्न सरकारी योजनाओं में अनियमितताओं के आरोप में संघ की सचिव सुमित्रा मुखुटी को ओंदा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को उन्हें गिरफ्तार करने के बाद बांकुड़ा अदालत में पेश किया गया।
आरोप है कि सुमित्रा मुखुटी ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से विभिन्न कार्य कराए, लेकिन उनका भुगतान हड़प लिया। शिकायत के अनुसार, स्कूल यूनिफॉर्म तैयार कराने का काम महिलाओं से कराया गया, जबकि उससे मिलने वाली राशि का कथित रूप से गबन कर लिया गया। साथ ही, बाहरी एजेंसियों से यूनिफॉर्म बनवाकर उसमें भी कथित रूप से लाखों रुपये का कमीशन (कटमनी) लिया गया।
महिलाओं का यह भी आरोप है कि चिक्स (मुर्गी के चूजों) का कारखाना स्थापित करने के नाम पर उनसे बड़ी राशि जमा कराई गई, जिसे बाद में कथित रूप से हड़प लिया गया। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ और धनराशि भी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जानकारी दिए बिना कथित रूप से अपने कब्जे में रख ली गई।
शिकायतकर्ता महिलाओं का दावा है कि सुमित्रा मुखुटी ने तृणमूल कांग्रेस की नेता होने के प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए लंबे समय तक महिलाओं को डराकर और अंधेरे में रखकर आर्थिक अनियमितताएं कीं तथा उनका शोषण किया।
महिलाओं द्वारा ओंदा थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुमित्रा मुखुटी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।

0 टिप्पणियाँ