रानीगंज : पश्चिम बर्दवान जिले के लिए गर्व का क्षण उस समय आया, जब रानीगंज के युवा खिलाड़ी शुभजीत कर्मकार ने विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश और राज्य का नाम रोशन किया. गुजरात के अहमदाबाद स्थित ट्रांसस्टेडिया ईकेए एरिना में 4 से 8 जून तक आयोजित पहली विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की.
इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में दुनिया के 79 देशों के 522 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. कड़े मुकाबले के बीच वरिष्ठ पुरुष ट्विस्टिंग व्यक्तिगत वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शुभजीत कर्मकार ने भारत के लिए स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
आसनसोल दक्षिण अंतर्गत रानीगंज एगरा पंचायत क्षेत्र के निवासी शुभजीत की इस सफलता से पूरे पश्चिम बर्दवान जिले में खुशी का माहौल है. वर्षों की कठिन मेहनत, नियमित अभ्यास और योगासन के प्रति उनकी लगन ने उन्हें विश्व मंच पर यह मुकाम दिलाया है.
विश्व चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बीच रानीगंज के इस युवा की उपलब्धि विशेष रूप से चर्चा का विषय बनी हुई है. शुभजीत की इस सफलता को न केवल पश्चिम बर्दवान, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है.
शुभजीत कर्मकार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उनके परिवार, मित्रों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है. रानीगंज का यह युवा आज विश्व विजेता बनकर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है.


0 टिप्पणियाँ