झाड़ग्राम, पीबी टीवी: झाड़ग्राम जिले के सांकराइल थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मध्य प्रदेश के छह माह से लापता एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को उसके परिवार से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है। पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश पुलिस के समन्वय से युवक सकुशल अपने घर लौट सका।
पुलिस के अनुसार, प्रकाश भालावी (36) मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के आदेगांव थाना क्षेत्र के धुंडीटोला (केकड़ा) गांव का निवासी है। वह करीब छह महीने पहले घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार ने उम्मीद छोड़ दी थी।
कुछ दिन पहले सांकराइल थाना क्षेत्र के वनपुरा गांव में ग्रामीणों ने एक अज्ञात युवक को भटकते देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर थाने लाया। पूछताछ के दौरान पता चला कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है। धैर्यपूर्वक बातचीत के बाद पुलिस उसके नाम और गृह राज्य की जानकारी जुटाने में सफल रही।
इसके बाद सांकराइल पुलिस ने मध्य प्रदेश के आदेगांव थाने से संपर्क कर युवक की पहचान की पुष्टि कराई और उसके परिवार को सूचना दी। खबर मिलते ही प्रकाश के बड़े भाई किशोर भालावी पश्चिम बंगाल पहुंचे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने प्रकाश को उनके सुपुर्द कर दिया।
करीब छह महीने बाद अपने भाई को सुरक्षित देखकर किशोर भालावी भावुक हो गए और सांकराइल थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी जमकर सराहना की है।

0 टिप्पणियाँ