मुजफ्फरनगर/बारसाात: पश्चिम बंगाल सरकार के अनुरोध पर जांच का जिम्मा अपने हाथों में लेने के बाद, चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पूर्व आप्त सहायक (PA) की हत्या के मामले में मुख्य आरोपियों में से एक, राजकुमार सिंह उर्फ राज सिंह को सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया गया है।
CBI और उत्तर प्रदेश पुलिस की एक संयुक्त टीम ने मुजफ्फरनगर के छपार टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 58 (NH-58) पर घेराबंदी कर उसे दबोचा। आरोपी हरिद्वार से दिल्ली भागने की फिराक में था, जिसे सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते नाकाम कर दिया। गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए आरोपी राजकुमार सिंह को पश्चिम बंगाल के बारासात जिला अदालत में पेश किया गया है।
चुनाव नतीजों के ठीक दो दिन बाद हुई थी हत्या
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के ठीक दो दिन बाद, यानी 6 मई को मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस को लेकर राज्य की राजनीति में भारी उबाल आया था। राज्य पुलिस से जांच का प्रभार संभालने के बाद CBI इस मामले में बेहद सक्रियता से काम कर रही है और इस सिलसिले में पहले ही एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यूपी के विभिन्न जिलों में संयुक्त छापेमारी जारी
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड के तार उत्तर प्रदेश से गहराई से जुड़े हुए हैं। मामले में शामिल अन्य संदिग्धों और शूटरों की तलाश में CBI और पश्चिम बंगाल पुलिस की एक विशेष टीम उत्तर प्रदेश के बलिया जिले सहित कई अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार संयुक्त छापेमारी कर रही है। अदालत में पेश किए गए आरोपी राजकुमार सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी है, ताकि हत्या की इस पूरी साजिश और इसके पीछे के मास्टरमाइंड का पूरी तरह भंडाफोड़ किया जा सके।

0 टिप्पणियाँ