दक्षिण थाना पुलिस की कार्रवाई, आरोपी ने कहा – “राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया”
आसनसोल: आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने शनिवार शाम शहर के बीएनआर मोड़ इलाके से तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन आईएनटीटीयूसी (INTTUC) के नेता राजू आहलूवालिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार उन पर अवैध वसूली, रंगदारी, लोगों को धमकाने तथा जबरन पैसे ऐंठने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि राजू आहलूवालिया के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। स्थानीय लोगों और व्यवसायियों की ओर से उन पर लंबे समय से रंगदारी वसूली और दबाव बनाकर पैसे लेने के आरोप लगते रहे हैं। हालांकि पूर्व में इन शिकायतों पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई थी।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता बढ़ी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बाद कि जिन लोगों के खिलाफ शिकायतें दर्ज हैं, उनके विरुद्ध निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, उसके बाद पूरे बंगाल सहित पश्चिम बर्दवान जिले में भी पुलिस एक्शन मोड में दिखाई दे रही है।
इसी क्रम में आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजू आहलूवालिया को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद रविवार को उन्हें आसनसोल अदालत में पेश किया गया।
वहीं गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राजू आहलूवालिया ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा रंगदारी और अवैध वसूली के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं, इसलिए उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आरोपी से पूछताछ जारी है।

0 टिप्पणियाँ