![]() |
| कार्यक्रम का उद्घाटन करते अथिति |
रानीगंज: मदर्स डे के विशेष अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच रानीगंज शाखा की महिला विंग 'देवी शक्ति' द्वारा रविवार को आई.एम.ए. हॉल में एक भव्य कार्यक्रम 'जननी राइज' का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना रहा.
घरेलू पहचान से आगे बढ़ने की पहल
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए देवी शक्ति की नवनियुक्त चेयरपर्सन दीप्ति सराफ, को-चेयरपर्सन शिखा सर्राफ और को-ऑर्डिनेटर स्नेहा पोद्दार ने संयुक्त रूप से कहा कि समाज में माताओं को अक्सर केवल घरेलू दायरे तक सीमित माना जाता रहा है. लेकिन अब समय बदल रहा है.महिलाएं अब घर की दहलीज लांघकर बाहर आ रही हैं और अपना रोजगार शुरू कर रही हैं.'जननी राइज' का उद्देश्य उन महिलाओं को सही दिशा दिखाना है जो आर्थिक रूप से स्वतंत्र होना चाहती हैं.
विशेषज्ञों ने दिए निवेश और सुरक्षा के टिप्स
कार्यक्रम में केवल चर्चा ही नहीं हुई, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने महिला उद्यमियों को व्यावहारिक जानकारी प्रदान की. चार्टर्ड अकाउंटेंट और आयकर विभाग के अधिकारियों ने महिलाओं को बताया कि वे अपनी कमाई को कहाँ निवेश करें, टैक्स की बचत कैसे करें और अपने पैसे का सही उपयोग कैसे करें. सोशल मीडिया विशेषज्ञों ने व्यापार को ऑनलाइन प्रमोट करने के तरीके सिखाए. साइबर सेल विभाग के अधिकारियों ने डिजिटल लेनदेन के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से बचने और सतर्क रहने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए.ट्रेड विभाग के विशेषज्ञों ने छोटे स्तर पर व्यवसाय कर रही महिलाओं को व्यापार बढ़ाने और उन्नति करने का मार्गदर्शन दिया.
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस सराहनीय पहल के दौरान संस्था के सलाहकार राजेश जिंदल, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष प्रतीक मोर, सचिव अमित बजाज कोषाध्यक्ष अमित गोयल और श्याम जालान,महिला शाखा की पूर्व अध्यक्ष स्वीटी लोहिया सहित संगठन के अन्य प्रमुख सदस्य और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.
संस्था के सदस्यों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से महिलाओं में स्वावलंबन की प्रवृत्ति जगेगी और वे समाज की मुख्यधारा में मजबूती से खड़ी हो सकेंगी.



0 टिप्पणियाँ