दुर्गापुर के निजी अस्पताल में भर्ती श्रमिकों का जाना हालचाल, परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन
जामुड़िया: ईसीएल के कुनुस्तोड़िया एरिया अंतर्गत परसिया कोलियरी में हुए दर्दनाक एयर ब्लास्ट हादसे के बाद जामुड़िया के भाजपा विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी शुक्रवार की संध्या दुर्गापुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे. यहां उन्होंने हादसे में घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली तथा उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया.
अस्पताल पहुंचने पर विधायक ने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की विस्तृत जानकारी ली.उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि घायल श्रमिकों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए तथा उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए. विधायक ने अस्पताल प्रशासन से घायलों की लगातार निगरानी और समुचित देखभाल सुनिश्चित करने की भी अपील की.
इस दौरान डॉ. बिजन मुखर्जी ने घायल श्रमिकों और उनके परिजनों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि इस कठिन समय में सभी को एकजुट होकर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि हादसे से प्रभावित श्रमिकों की हरसंभव सहायता की जाएगी.
विधायक ने कहा, मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि परसिया कोलियरी हादसे में घायल सभी श्रमिक जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार और कार्यस्थल पर सुरक्षित लौटें। चिकित्सक लगातार पूरी कोशिश कर रहे हैं और हम सभी उनके साथ खड़े हैं.
गौरतलब है कि गुरुवार को कुनुस्तोड़िया एरिया अंतर्गत परसिया कोलियरी में कार्य के दौरान अचानक हुए एयर ब्लास्ट में एक श्रमिक की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य श्रमिक घायल हो गए थे. घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है. प्रशासन, चिकित्सक और स्थानीय जनप्रतिनिधि लगातार घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. विधायक के अस्पताल दौरे से घायल श्रमिकों और उनके परिजनों में कुछ हद तक राहत और भरोसे का माहौल देखने को मिला.
वहीं, इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में कोयला खदानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और सवाल भी लगातार उठ रहे हैं. लोग खदानों में सुरक्षा मानकों को और मजबूत किए जाने की मांग कर रहे हैं.




0 टिप्पणियाँ