डिलीवरी मैसेज और ओटीपी आने के बावजूद खाली हाथ लौट रहे ग्राहक, चैंबर ऑफ कॉमर्स ने HP अधिकारियों से की शिकायत
रानीगंज: रानीगंज के बर्न्स प्लॉट स्थित एचपी गैस डीलर मंडल गैस एजेंसी को लेकर एक बार फिर उपभोक्ताओं की शिकायतें सामने आने लगी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो-दो महीनों से घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जबकि उनके मोबाइल पर गैस डिलीवरी का मैसेज और ओटीपी तक आ चुका है।
बुधवार को मंडल गैस एजेंसी कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि वे बार-बार एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले भी मंडल गैस एजेंसी के खिलाफ इसी प्रकार की शिकायतें सामने आई थीं। उस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स की पहल पर आसनसोल की मयूरी गैस एजेंसी द्वारा लगभग डेढ़ महीने तक गैस की आपूर्ति की गई थी। इससे उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली थी। लेकिन बीते 19 मई से मयूरी गैस एजेंसी द्वारा आपूर्ति बंद कर दी गई और पुनः मंडल गैस एजेंसी को वितरण की जिम्मेदारी सौंप दी गई। इसके बाद एक बार फिर उपभोक्ताओं की समस्याएं बढ़ने लगी हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि वे अपना काम-धंधा छोड़कर गैस लेने के लिए एजेंसी पहुंचते हैं, लेकिन वहां से उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। उनका आरोप है कि एजेंसी की ओर से ग्राहकों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि मंगलवार को वे अपनी शिकायत लेकर रानीगंज थाने भी पहुंचे थे। वहां थाने के सेकेंड ऑफिसर ने एजेंसी प्रबंधन से बात करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
एक उपभोक्ता संचित खेतान ने कहा कि गैस नहीं मिलने के कारण उन्हें मजबूरन होटल से खाना खरीदकर बच्चों को खिलाना पड़ रहा है, जिससे उनके बच्चों की तबीयत खराब हो रही है और फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्या उत्पन्न हो गई है।
ग्राहकों ने यह भी आरोप लगाया कि जहां घरेलू उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल रही है, वहीं होटल और रेस्टोरेंट में नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर एजेंसी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस संबंध में रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष युगल किशोर गुप्ता ने बताया कि मंडल गैस एजेंसी को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों के संबंध में दो दिन पहले दुर्गापुर स्थित एचपी गैस के रीजनल मैनेजर अनूप अग्रवाल से मुलाकात कर उन्हें पूरी समस्या से अवगत कराया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।
दूसरी ओर, एचपी गैस डीलर एवं मंडल गैस एजेंसी के मालिक मिलन कांति मंडल ने कहा कि पर्याप्त संख्या में सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य होगी, उपभोक्ताओं के घरों तक गैस की डिलीवरी कर दी जाएगी।


0 टिप्पणियाँ