छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था और अव्यवस्था पर उठाए सवाल, कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जताया रोष
आसनसोल : पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव लाने के प्रयास लगातार तेज होते दिखाई दे रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को आसनसोल के धधका स्थित गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर कॉलेज की कथित अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
बड़ी संख्या में पहुंचे ABVP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज के यूनियन ऑफिस से शराब की बोतलें, सिगरेट, माचिस सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। परिषद के सदस्यों का कहना था कि शिक्षा के मंदिर माने जाने वाले संस्थान में इस प्रकार की सामग्री का पाया जाना बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर में किसी भी तरह की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ABVP कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीर के पास शराब की बोतलें और नशे से जुड़ी सामग्री रखी हुई थी, जिससे विद्यार्थियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज की आधारभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर भी प्रशासन पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि विद्यार्थियों को सुविधा के नाम पर कुछ भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। यहां तक कि कॉलेज के बाथरूम भी सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके कॉलेज प्रबंधन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने शिक्षकों की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कई शिक्षक समय पर कॉलेज नहीं आते और जो आते भी हैं, वे पढ़ाई-लिखाई पर गंभीरता से ध्यान नहीं देते। इससे विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।
ABVP नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि अब इस तरह की स्थिति को लंबे समय तक नहीं चलने दिया जाएगा। विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान तथा कॉलेज में अनुशासन स्थापित करने के लिए संगठन लगातार आंदोलन और प्रयास जारी रखेगा।
इस मौके पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पश्चिम बर्दवान जिला संयोजक विकास ठाकुर, पश्चिम बर्धमान सोशल मीडिया संयोजक आयुष तिवारी, आसनसोल नगर के उत्सव रक्षित, प्रकाश मिश्रा, प्रिंस शर्मा एवं वरुण दुबे सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ