पश्चिम बंगाल में बदली राजनीतिक परिस्थितियों के बीच 'कोल ट्रेडर्स' एकजुट, सीएमडी और केंद्रीय कोयला मंत्री तक पहुँचा मामला
रानीगंज- पश्चिम बंगाल की नई राजनीतिक फिजा के बीच ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की विभिन्न कोलियरियों में वर्षों से जड़ें जमाए 'रंगदारी राज' के खिलाफ कोयला व्यापारियों ने निर्णायक जंग छेड़ दी है.बराकर कुल्टी कोल ट्रेडर्स एसोसिएशन के बैनर तले डीओ होल्डरों ने रविवार को ईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर प्रबंधन के समक्ष अपनी सुरक्षा और बिना किसी अवैध वसूली के व्यापार करने की मांग रखी.
महाप्रबंधक ने खुद संभाली कमान: लोडिंग पॉइंट पर उतरकर दी सुरक्षा
आंदोलन के तहत कोयला व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल झांझरा प्रोजेक्ट पहुंचा. वहां के जनरल मैनेजर ने व्यापारियों की समस्याओं को न केवल गंभीरता से सुना, बल्कि एक मिसाल पेश करते हुए खुद लोडिंग पॉइंट पर जा पहुंचे. डीओ होल्डर सतीश खेमका ने बताया कि जनरल मैनेजर ने अपनी मौजूदगी में 35 ट्रकों की लोडिंग करवाई ताकि किसी भी असामाजिक तत्व या रंगदार की दखलअंदाजी न हो सके. प्रबंधन के इस कड़े रुख से व्यापारियों में भारी संतोष देखा जा रहा है.
रंगदारों के खौफ को चुनौती: विजय सिंह और मैजुल पर आरोप
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि झांझरा और अन्य क्षेत्रों में अभी भी विजय सिंह और मैजुल जैसे लोग अपने गुर्गों के माध्यम से व्यापारियों को धमकाने का प्रयास कर रहे हैं. उनका उद्देश्य बिना 'अवैध टैक्स' (रंगदारी) दिए लोडिंग रोकना है, हालांकि, व्यापारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे अब और नुकसान झेलने को तैयार नहीं हैं.
सीएमडी का आश्वासन: "लोडिंग करवाना कंपनी की जिम्मेदारी"
झांझरा के बाद व्यापारियों ने केंदा साइडिंग पहुंचकर ईसीएल के सीएमडी से मुलाकात की. सीएमडी ने स्पष्ट शब्दों में आश्वासन दिया कि ईसीएल प्रबंधन व्यापारियों के साथ खड़ा है.उन्होंने कहा कि कोयले की सुरक्षित लोडिंग सुनिश्चित करना कंपनी की जिम्मेदारी है और इसे पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा.
सतीश खेमका ने साझा की रणनीति: केंद्रीय मंत्री को भेजा ईमेल
वरिष्ठ व्यापारी नेता सतीश खेमका ने अभियान की सफलता अन्य डीओ होल्डर से साझा करते हुए झांझरा और खोट्टाडीह ओसीपी में बिना किसी अवैध लिफ्टिंग चार्ज के लोडिंग शुरू हो गई है.पांडवेश्वर पुलिस स्टेशन के प्रभारी से मिलकर अवैध वसूली और दखलंदाजी की लिखित शिकायत की गई है. केंद्रीय कोयला मंत्री और शीर्ष अधिकारियों को ईमेल भेजकर बंगाल के कोलफील्ड्स में व्याप्त समस्याओं से अवगत कराया गया है. उन्होंने कहा कि कुछ शुरुआती समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन यदि हम एकजुट रहे तो यह लड़ाई जरूर जीतेंगे. हमारा लक्ष्य है कि हर कोयला व्यापारी बिना किसी डर के आजादी से अपना काम कर सके। हम आज देश के कोयला मंत्री को भी विस्तार से पत्र लिख रहे हैं. व्यापारियों ने क्षेत्र के अन्य कोल ट्रेडर्स से भी एकजुट होने की अपील की है ताकि ईसीएल की सभी कोलियरियों को रंगदारी मुक्त बनाया जा सके.

0 टिप्पणियाँ