नैहाटी (पश्चिम बंगाल) | पीबी टीवी : पश्चिम बंगाल के नैहाटी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव आचार संहिता के गंभीर उल्लंघन का मामला सामने आया है। चुनाव आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए नैहाटी थाना के आईसी (IC) महाबीर बेरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है। उन पर आरोप है कि उनके सरकारी वाहन का उपयोग तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं द्वारा उम्मीदवार के नामांकन के लिए किया गया।सोमवार को नैहाटी विधानसभा केंद्र से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी सनत दे अपना नामांकन पत्र जमा करने पहुंचे थे। इस दौरान नैहाटी नगर पालिका के चेयरमैन अशोक चटर्जी, सीआईसी (CIC) सदस्य और सांसद पार्थ भौमिक के भाई शेखर भौমিক को पुलिस की गाड़ी (आईसी नैहाटी की आधिकारिक कार) में सवार होकर आते देखा गया।जैसे ही पुलिस की गाड़ी में राजनीतिक नेताओं के पहुंचने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, प्रशासनिक हल्कों में हड़कंप मच गया। विपक्ष ने इसे सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग और चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन बताते हुए आयोग से शिकायत की थी।इस घटना ने पुलिस प्रशासन को भारी असहजता में डाल दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग ने प्राथमिक जांच के बाद नैहाटी थाना प्रभारी महाबीर बेरा को सस्पेंड करने का आदेश जारी किया। आयोग का स्पष्ट संदेश है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर पक्षपात या सरकारी संसाधनों का राजनीतिक उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। विपक्षी दलों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन सत्ताधारी दल के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस विभाग अब इस मामले की विस्तृत जांच में जुट गया है।


0 टिप्पणियाँ