रानीगंज: सामाजिक सरोकारों के प्रति सदैव तत्पर रहने वाली रानीगंज की प्रतिष्ठित संस्था 'हमजोली' द्वारा मंगलवार को एक सराहनीय पहल की गई. भीषण गर्मी के आगामी मौसम को देखते हुए संस्था की ओर से रानीगंज के आलू गोड़िया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (बीएमोएच कार्यालय परिसर) में शीतल पेयजल हेतु वाटर कूलर मशीन स्थापित की गई.
मरीजों और परिजनों को मिलेगी बड़ी राहत
कार्यक्रम के दौरान संस्था की सक्रिय सदस्य कल्पना खेतान ने बताया कि 'हमजोली' संस्था वर्ष 2004 से ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्य कर रही है. उन्होंने कहा की आने वाली गर्मी को देखते हुए हमने महसूस किया कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी होती है. इसी समस्या को कम करने और उन्हें राहत पहुँचाने के उद्देश्य से आज यहाँ वाटर कूलर लगाया गया है.
धार्मिक और सामाजिक कार्यों का संगम
संस्था की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कल्पना खेतान ने आगे बताया कि उनका संगठन केवल सामाजिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर हफ्ते विभिन्न सदस्यों के घरों में सत्संग का आयोजन भी किया जाता है, जिससे समाज में सकारात्मकता बनी रहे. उन्होंने इस विशिष्ट प्रोजेक्ट की सफलता का श्रेय राजेश जिंदल को देते हुए कहा कि इस पुनीत कार्य को संपन्न करने में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय रही और उन्होंने भरपूर सहयोग प्रदान किया.
प्रशासन ने जताया आभार
इस अवसर पर रानीगंज के बीएमओएच डॉ. मनोज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे. उन्होंने संस्था के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र जैसे सार्वजनिक स्थान पर ठंडे पानी की व्यवस्था करना एक नेक पहल है. उन्होंने पूरी 'हमजोली' टीम का आभार व्यक्त किया.
इस कार्यक्रम के दौरान संस्था के सभी सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर इस वाटर कूलर का उद्घाटन किया. नगरवासियों ने भी संस्था के इस प्रयास की प्रशंसा की है.



0 टिप्पणियाँ