जामुड़िया में भाजपा प्रत्याशी डॉ. बिजन मुखर्जी के समर्थन में केंद्रीय कोयला मंत्री ने भरी हुंकार
जामुड़िया- बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. इसी क्रम में जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. बिजन मुखर्जी के समर्थन में श्रीपुर एरिया गेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी उपस्थित हुए, जहाँ उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया और ममता सरकार पर जमकर प्रहार किए.
विकास से अछूता रहा बंगाल
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि इस बार का बंगाल विधानसभा चुनाव महज एक सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि बंगाल के अस्तित्व की रक्षा की लड़ाई है.उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपनी संस्कृति और भविष्य को बचाने के लिए मतदान करें. रेड्डी ने कहा, "भाजपा शासित राज्यों में विकास की गंगा बह रही है, लेकिन बंगाल आज भी विकास से अछूता है.यहाँ की सरकार की प्राथमिकता विकास नहीं, बल्कि अपने नेताओं और मंत्रियों की जेबें भरना है.
निवेश के अनुकूल नहीं है बंगाल का माहौल
कोयला मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे रेड्डी ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि देश के बड़े उद्योगपति विभिन्न राज्यों में कोयला और अन्य उद्योगों में निवेश करना चाहते हैं, लेकिन बंगाल का नाम आते ही वे पीछे हट जाते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार ने राज्य में निवेश का माहौल पूरी तरह खराब कर दिया है, जिसके कारण युवा बेरोजगार हैं और प्रदेश का आर्थिक ढांचा चरमरा गया है.
डबल इंजन सरकार की अपील
उन्होंने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि बंगाल की स्थिति बदलने का यह स्वर्णिम अवसर है.केंद्र की तर्ज पर बंगाल में भी 'डबल इंजन' की सरकार बनने से ही विकास कार्यों को गति मिलेगी. उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डॉ. बिजन मुखर्जी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की ताकि जामुड़िया के विकास को नई ऊंचाई मिल सके.
इस बैठक में डॉ. बिजन मुखर्जी के साथ-साथ भाजपा के कई दिग्गज नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे मुख्य रूप से धनसिंह रावत, जयनाथ चौबे, महेंद्र गुप्ता.मनोज चौबे, प्रमोद पाठक, रोहित लाल सिंह,संतोष सिंह, आशा शर्मा, बृजमोहन पासवान,दीप बनर्जी, संजय सिंह, पिनाकी राय और विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव में पूरी ताकत झोंकने और घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों को पहुंचाने का संकल्प लिया.


0 टिप्पणियाँ