बीजेपी कार्यकर्ताओं का हीरापुर थाने पर जोरदार प्रदर्शन; सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, 40 एफआईआर दर्ज
आसनसोल: आसनसोल के पोलो मैदान में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेगा जनसभा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सैकड़ों लोगों को पता चला कि उनकी जेबें कट चुकी हैं। आरोप है कि सभा में उमड़ी भारी भीड़ का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने लगभग 450 लोगों के मोबाइल फोन, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से आक्रोशित बीजेपी कार्यकर्ताओं और आम जनता ने शनिवार को हीरापुर थाने का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
प्रदर्शनकारी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस सभा में देश के प्रधानमंत्री मौजूद हों, वहां इतनी बड़ी संख्या में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर प्रधानमंत्री की सभा में आम जनता सुरक्षित नहीं है, तो आम दिनों में सुरक्षा का क्या हाल होगा?सभा स्थल पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय पुलिस इन गिरोहों को भांपने में नाकाम रही।
10 संदिग्ध पकड़े गए, बरामदगी की मांग
प्रदर्शनकारियों ने दावा किया है कि भीड़ के बीच से ही 10 संदिग्ध चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है। भाजपा नेताओं ने मांग की है कि इन पकड़े गए लोगों से कड़ी पूछताछ की जाए ताकि चोरी हुए मोबाइल और अन्य कीमती सामान जल्द से जल्द बरामद किए जा सकें।
थाने में शिकायतों का अंबार
इस बड़ी चोरी की घटना के बाद हीरापुर थाने में शिकायतकर्ताओं की लंबी कतार लग गई। अब तक इस मामले में 40 लिखित एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी हैं, जबकि दर्जनों अन्य लोगों ने अपनी डायरी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय भाजपा नेता ने बताया कि यह बेहद शर्मनाक है कि प्रधानमंत्री की रैली में आए कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया। हम मांग करते हैं कि पुलिस प्रशासन तुरंत कार्रवाई करे और लोगों के मोबाइल वापस दिलाए।

0 टिप्पणियाँ