रानीगंज: रानीगंज थाना अंतर्गत निमचा फांड़ी के तीराट इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भारी हिंसा भड़क उठी. शिवानंद आश्रम के समीप बालू लोड करने जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार युवक को कुचल दिया, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया. युवक की पहचान आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के डामरा (आड़ाडांगा) निवासी अविनाश मुर्मू (23 वर्ष) के रूप में हुई है. अविनाश तीराट के एक ईंट भट्ठे में मजदूरी करता था और काम खत्म कर घर लौट रहा था.
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय निवासियों और आदिवासी समाज के लोगों ने पुलिस के वाहनों को घेर लिया.पुलिस का दावा था कि युवक जीवित है और उसे अस्पताल ले जाया गया है, जबकि प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस सच छिपा रही है. ग्रामीणों ने मांग की कि जब तक अविनाश को उनके सामने नहीं लाया जाता, वे पुलिस की गाड़ी को हिलने नहीं देंगे. युवक अपने पत्नी रूपाली मुर्मू और एक 3 वर्षीय मासूम पुत्री के साथ रहता है,।
आक्रोशित भीड़ ने फूंके डंपर, दमकल को भी रोका
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को दामोदर नदी की ओर छोड़कर फरार हो गया. आक्रोशित भीड़ ने नदी के पास खड़े बालू लदे 5 डंपरों की पहचान की और उनमें आग लगा दी. स्थिति इतनी तनावपूर्ण थी कि प्रदर्शनकारियों ने आग बुझाने पहुंची दमकल की गाड़ियों को भी काफी देर तक मौके पर जाने से रोके रखा, जिससे वाहन बुरी तरह जल गए.
विधायक अग्निमित्रा पाल की मांग: '10 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी'
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल मौके पर पहुंचीं और परिजनों के साथ धरने पर बैठ गईं. उन्होंने प्रशासन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा की बालू माफियाओं और टीएमसी नेताओं की मिलीभगत के कारण निर्दोषों की जान जा रही है. पुलिस को जनता से ज्यादा माफियाओं के कमीशन की चिंता है.उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी नहीं मिलती, भाजपा का विरोध प्रदर्शन समाप्त नहीं होगा.
भारी पुलिस बल और केंद्रीय बल तैनात
बिगड़ते हालात को संभालने के लिए डीसी ध्रुव दास, एसीपी सेंट्रल-2 विमान कुमार मिर्धा, रानीगंज थाना प्रभारी अमित सिंह महापात्र और निमचा फांड़ी प्रभारी नसरीन सुल्ताना भारी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ मौके पर पहुंचे. उतेजित ग्रामवासी दमकल कर्मियों को भी घटनास्थल पर जाने नहीं दे रहे थे. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया. फिलहाल अज्ञात वाहन और चालक की तलाश जारी है और इलाके में भारी पुलिस बल की गश्त जारी है.

0 टिप्पणियाँ