गर्मी की आहट से पहले ही मचा हाहाकार; शनिवार को पंजाबी मोड़ और रविवार को 35 नंबर वार्ड के निवासियों ने नेशनल हाईवे किया अवरुद्ध
रानीगंज: क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या अब विकराल रूप धारण करने लगी है. अभी गर्मी ने पूरी तरह दस्तक भी नहीं दी है, लेकिन पानी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरते लोगों और कार्यालयों के घेराव की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. शनिवार को वार्ड नंबर 34 के पंजाबी मोड़ आमरसोता के लोगों द्वारा नेशनल हाईवे जाम किए जाने के बाद, रविवार को वार्ड नंबर 35 के निवासियों ने भी पानी के लिए जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
सर्विस रोड और मंगलपुर मोड़ पर प्रदर्शन
आसनसोल नगर निगम के रानीगंज बोरो कार्यालय के अंतर्गत आने वाले 35 नंबर वार्ड के निवासियों ने कई महीनों से जारी जल संकट से परेशान होकर रविवार सुबह मंगलपुर औद्योगिक क्षेत्र के मंगलपुर मोड़ पर सर्विस रोड जाम कर दिया.छुट्टी का दिन होने के बावजूद व्यस्ततम क्षेत्र में हुए इस प्रदर्शन के कारण यातायात बाधित रहा.
प्रदूषण और गिरते जलस्तर की दोहरी मार
स्थानीय निवासियों का दर्द छलक पड़ा. उनका कहना है कि वे पहले से ही कल-कारखानों के वायु, ध्वनि और धूल प्रदूषण से जूझ रहे हैं,अब पानी की किल्लत ने जीना मुहाल कर दिया है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र के तालाब एक-एक कर सूख रहे हैं और सरकारी कुओं का जलस्तर काफी नीचे चला गया है. सरकारी नल ही एकमात्र उम्मीद हैं, लेकिन उनमें पानी की आपूर्ति अत्यंत अनियमित है लोगों को मीलों दूर जाकर पीने का पानी ढोना पड़ रहा है, जिससे सामान्य जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है.
पार्षद और बोरो चेयरमैन ने दिया आश्वासन
विरोध प्रदर्शन की खबर मिलते ही 35 नंबर वार्ड की पार्षद अख्तरी खातून और रानीगंज बोरो कार्यालय के चेयरमैन मोजम्मेल शहजादा मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित लोगों को शांत कराया और आश्वासन दिया कि जलापूर्ति को सामान्य बनाने के लिए अविलंब ठोस कदम उठाए जाएंगे. इस आश्वासन के बाद ही जाम खोला गया और स्थिति सामान्य हुई.
जनता का सवाल: क्या प्यासी बीतेगी यह गर्मी?
भले ही आश्वासन के बाद जाम हट गया हो, लेकिन रानीगंज की जनता के मन में यह बड़ा सवाल बार-बार उठ रहा है कि जब फरवरी में ही यह हाल है, तो तपती गर्मी में क्या उन्हें पर्याप्त पानी मिल पाएगा? प्रशासन के दावों और धरातल की हकीकत के बीच फंसी जनता अब स्थाई समाधान की उम्मीद लगाए बैठी है.


0 टिप्पणियाँ