नगर निगम के एमएमआइसी दिव्येंदु भगत भी हाथों में झाड़ू थामे अभियान में हुए शामिल; कहा- प्रशासन के साथ जनभागीदारी भी जरूरी
रानीगंज: संत निरंकारी मिशन द्वारा 'प्रोजेक्ट अमृत' के चौथे चरण के तहत रविवार को देशव्यापी जल संरक्षण अभियान चलाया गया. इसी कड़ी में रानीगंज शाखा की ओर से शहर के सबसे प्राचीन बरदही तालाब की व्यापक साफ-सफाई की गई. 'स्वच्छ जल, स्वच्छ मन' के मूल मंत्र के साथ आयोजित इस अभियान में सैकड़ों सेवादारों ने श्रमदान कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
5 वर्षों से निरंतर जारी है सेवा का संकल्प
अभियान का नेतृत्व कर रहे निरंकारी मिशन के रानीगंज प्रमुख दिलीप सिंह ने बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देशन में पिछले 5 वर्षों से तालाबों की सफाई और वृक्षारोपण का कार्य निरंतर किया जा रहा है. उन्होंने कहा, "जल है तो कल है.यदि हमें भविष्य सुरक्षित करना है, तो जल और वृक्षों को बचाना ही होगा मिशन का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति को प्रकृति के प्रति जागरूक करना है.
नगर निगम और मिशन का साझा प्रयास
इस विशेष मौके पर आसनसोल नगर निगम के मेयर परिषद सदस्य दिव्येंदु भगत भी सेवादारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सफाई करते नजर आए उन्होंने स्वयं हाथों में झाड़ू थामकर तालाब परिसर की सफाई की. श्री भगत ने कहा कि निरंकारी मिशन द्वारा हर साल बरदही तालाब की सफाई करना सराहनीय कदम है.
सफाई व्यवस्था की चुनौतियों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम के पास सीमित संसाधन हैं. इस 36 नम्बर वार्ड में ही 11,000 निवासियों पर मात्र दो सफाई कर्मी तैनात है, ऐसे में प्रशासन अकेले सब कुछ नहीं कर सकता. उन्होंने आम जनता से अपील की कि वातावरण को शुद्ध रखने के लिए सभी को इस तरह के अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए.
बरदही तालाब की सफाई के दौरान मिशन के कोषाध्यक्ष गौर भगत, अकॉउंटेंट राम कुमार साव, नवल किशोर साव, बैजनाथ साव और उत्तम बर्मन सहित सैकड़ों सेवादार उपस्थित थे.सभी ने मिलकर तालाब से बिसर्जित किये गए मूर्तियों के ढांचा,कचरा और जलकुंभी निकाले.


0 टिप्पणियाँ