रानीगंज- मंगलवार सुबह करीब 10 बजे रानीगंज के रानीसायर मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें कोलकाता से आसनसोल जा रही एक श्यामली नामक वोल्वो बस एक ट्रक से टकरा गई. इस टक्कर में बस का ड्राइवर और चार यात्री घायल हो गए , हालांकि, राहत की बात यह रही कि सभी यात्री बाल-बाल बच गए.
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना तब हुई जब बस टीबी अस्पताल मोड़ के पास से गुजर रही थी. उसी समय, एक 10-चक्का ट्रक अचानक मुड़ने लगा, जिससे तेज रफ्तार बस सीधे उससे जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और बस डिवाइडर से जा चढ़ी.
बचाव कार्य और पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाने की पुलिस और पंजाबी मोड़ चौकी के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे.घायलों को तुरंत आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, बस ड्राइवर को छोड़कर बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य किया.
स्थानीय नेता ने एनएचएआई पर उठाए सवाल
इस दुर्घटना के बाद, स्थानीय टीएमसी नेता सदन कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे.उन्होंने पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकालने में मदद की. बाद में, एक दूसरी बस की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया.
सदन कुमार सिंह ने इस घटना के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि सर्विस रोड पर गड्ढों की वजह से इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सड़कों की मरम्मत नहीं की गई, तो टीएमसी बड़े पैमाने पर आंदोलन करेगी.



0 टिप्पणियाँ