डीएवी पब्लिक स्कूल बैरकपुर में एकदिवसीय वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के प्रथम सत्र में कक्षा एलकेजी से पाँचवीं के विद्यार्थिवृंद तथा द्वितीय सत्र में कक्षा छठी से नौवीं के विद्यार्थिवृंद ने मनमोहक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करके उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया। वार्षिक समारोह का थीम "वसुधैव कुटुंबकम" था, जो मंच डिजाइन से लेकर वेशभूषा तक कार्यक्रम के हर पहलू में व्याप्त था, जिससे एक अद्भुत और सामंजस्यपूर्ण वातावरण तैयार हुआ।
कार्यक्रम का आरंभ वैदिक ध्वनि गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ, तत्पश्चात् अतिथिगण ने मंगलदीप प्रज्वलित किया। इस अवसर पर विद्यार्थिवृंद ने ‘शुभं करोति कल्याणम् ...’ मंत्र एवं डीएवी गान प्रस्तुत किया। नृत्य-गायन आदि के साथ-साथ विद्यार्थिवृंद द्वारा प्रस्तुत कठपुतली नृत्य(राजस्थानी), राग मालकौंस पर आधारित एक समूह गायन ‘आनंदधारा...’, द लॉस्ट चाइल्डहुड (नाट्यमंचन), लोकनृत्य (बिहू, कवाडी, कालबेलिया इ.), तिलहाना, फ़्यूज़न डांस तथा वसुधैव कुटुंबकम पर आधारित नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
‘उद्घोष’ के अंतर्गत आयोजित वार्षिक समारोह कार्यक्रम के प्रथम सत्र में श्री संजू गुहा मजूमदार, बीडीओ, मुख्य अतिथि एवं डॉ. जयब्रत गोस्वामी, तकनीकी विश्लेषक(एनएसओयू) उच्च शिक्षा विभाग पश्चिम बंगाल सरकार सम्माननीय अतिथि के रूप में उपस्थित थे तथा द्वितीय सत्र में श्री समीर कुमार मित्रा (पूर्व डीआइजी बीएसएफ)अधिवक्ता, श्री रवीन्द्र नाथ भट्टाचार्य(सचिव बैरकपुर बार एसोसिएशन) क्रमशः मुख्य अतिथि और सम्माननीय अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त बैरकपुर नगरपालिका के अध्यक्ष श्री उत्तम दास, मेज़बान विद्यालय के प्रबंधन समिति के सदस्यगण सहित डीएवी संस्थान, पश्चिम बंगाल के प्राचार्य एवं प्रधानाध्यापक सहित अन्य स्थानीय गण्यमान्य अतिथि उपस्थित थे।
सभी आगत अतिथिगण का स्वागत विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती जीता भट्टाचार्जी ने स्मृति चिह्न प्रदानकर एवं शाल ओढ़ाकर किया।
इस अवसर पर संस्थान की प्रमुख श्रीमती जीता भट्टाचार्जी ने विद्यालय के विगत सत्र के वार्षिक प्रतिवेदन को प्रस्तुत करते हुए विगत वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में कीर्ति स्थापित करने वाले विद्यार्थिवृंद की उपलब्धियों से लोग का परिचय कराया। उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि स्कूल अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ अपनी नर्सरी शुरू करने जा रहा है और इसे डीएवी सीएमसी के प्रत्यक्ष तत्वावधान में एकमात्र डीएवी स्कूल के रूप में कोलकाता और उसके आसपास काफी प्रशंसा मिली है।
इस अवसर पर दोनों सत्र के मुख्य अतिथिगण व सम्माननीय अतिथिगण ने अपने अनमोल वक्तव्यों द्वारा विद्यारर्थिवृंद का ज्ञान व उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि पूर्व डीआइजी बीएसएफ का भाषण मंत्रमुग्ध कर देने वाला था । उन्होंने युवा दिमागों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन और पोषण के लिए संस्थान की प्रशंसा की।
इस अवसर पर शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थिवृंद को आगत अतिथिगण के कर-कमलों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।










0 टिप्पणियाँ