आसनसोल : गौ तस्करी के मामले में आरोपी अब्दुल लतीफ गुरुवार की सुबह आसनसोल की विशेष सीबीआई अदालत में पेश हुए। मालुम हो कि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी थी। साथ ही कहा था कि सीबीआई गिरफ्तारी जैसी कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर सकती है। साथ ही जिस दिन कोर्ट में मामले की सुनवाई होगी, उसे पेश होना होगा। अब्दुल लतीफ की अदालत में पेश होने के बाद उनकी ओर से वकील शेखर कुंडू ने सीबीआई की विशेष अदालत में पैरवी की। उस दिन सीबीआई की ओर से पीपी या सरकारी वकील राकेश कुमार मौजूद थे। केस डायरी के साथ केस के आईओ या जांच अधिकारी भी मौजूद थे। सवाल-जवाब के अंत में जज राजेश चक्रवर्ती ने अब्दुल लतीफ को 15 हजार रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दे दी। मामले की अगली सुनवाई 6 मई को होगी। साथ ही अदालत ने अब्दुल लतीफ को निर्देश दिया कि वो सीबीआई आईओ को हर 3 दिन में एक बार मिलेगा। एवं उसका पासपोर्ट सीबीआई के पास जमा किया जाए। सीबीआई को अगली सुनवाई की तारीख 6 मई तक अपनी स्थिति रखनी है। इस अवधि में उन्हें किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहना चाहिए। न्यायाधीश ने कहा,सीबीआई को अब्दुल लतीफ से पूछताछ करते हुए सभी मानवाधिकारों का पालन करना चाहिए। जज ने अपने आदेश में कहा कि सीबीआई की पूछताछ के दौरान उनके वकील मौजूद रह सकते हैं.उधर, सुप्रीम कोर्ट में अब्दुल लतीफ के मामले की अगली सुनवाई भी चार मई को होनी है.गौरतलब है कि अब्दुल लतीफ का नाम राजू झा की हत्याकांड के दौरान भी सामने आया था। वारदात के समय उसके वहां मौजूद होने का दावा किया जा रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
वहीं दूसरी ओर जमानत के बाद सीबीआई की एक टीम पहले 12:38 बजे ईसीएल के सातग्राम एरिया के ट्रांजिट हाउस में दाखिल हुई, फिर सीबीआई की एक विशेष टीम अब्दुल लतीफ के साथ सातग्राम इलाके के गेस्ट हाउस में 12:50 बजे दाखिल हुई। जानकारी के अनुसार उनको बिठाकर पूछताछ की गई।
एक बजकर 18 मिनट के करीब अब्दुल लतीफ को लेकर गाड़ी निकली बाहर उसके साथी भी उसके साथ स्कॉर्पियो लेकर निकले। पीछे वाले स्कॉर्पियो में उसके साथ करीब सात लोग थे। इस बारे में शेख अब्दुल लतीफ के एक करीबी ने बताया कि अदालत के आदेश के मुताबिक आज वह आसनसोल की विशेष सीबीआई अदालत में पेश हुए क्योंकि उन्होंने आत्मसमर्पण किया इसलिए कोर्ट ने उनको जमानत दे दी कोर्ट की तरफ से कहा गया था कि वह इस मामले में जांच में सहयोग करेंगे। इसलिए इस मामले की जांच अधिकारी है उनके साथ वह यहां आए हैं और आगे भी वह जांच में सहयोग करेंगे उन्होंने कहा कि शेख अब्दुल लतीफ एक अच्छे नागरिक है जो हमेशा अदालत की इज्जत करते हैं कानून मान कर चलने वाले इंसान हैं और भविष्य में भी वह अदालत के आदेश का पालन करेंगे।

0 टिप्पणियाँ