राजारहाट के नबाबपुर में तीन थानों की पुलिस ने की छापेमारी, 9 एमएम की पिस्तौल बरामद; कई मामलों में संलिप्तता का आरोप
कोलकाता: राजारहाट इलाके में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता हाफिजुल रहमान उर्फ लिटन को कथित तौर पर अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 9 एमएम की एक पिस्तौल बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजारहाट थाना, नारायणपुर थाना और इको पार्क थाने की संयुक्त टीम ने राजारहाट के नबाबपुर इलाके में हाफिजुल रहमान के घर और कार्यालय पर छापेमारी की। इस दौरान तलाशी में एक 9 एमएम की पिस्तौल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी नेता के खिलाफ राजारहाट इलाके के विभिन्न थानों में चुनाव बाद हिंसा और क्षेत्र में आतंक फैलाने समेत कई मामले दर्ज हैं। हाल ही में टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के अवसर पर उनके आवास के सामने हुए हंगामे में भी हाफिजुल रहमान की कथित संलिप्तता की बात सामने आई थी। बताया जा रहा है कि वह उस दिन घटनास्थल पर मौजूद था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी भी सक्रिय हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ