रानीगंज-एक समय रानीगंज थाने पर बमबारी की धमकी देकर सुर्खियों में आए पूर्व छात्र नेता और तृणमूल कांग्रेस के युवा नेता सौमित्र बनर्जी को सोमवार रात रानीगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले रानीगंज थाने की पुलिस ने यह कार्रवाई भाजपा नेता रबी केशरी द्वारा दर्ज कराई गई एक लिखित शिकायत के आधार पर की है. इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है.
आरजी कर कांड के विरोध प्रदर्शन के दौरान हमले का आरोप
भाजपा नेता रबी केशरी का आरोप है कि 28 अगस्त 2024 में आरजी कर (अभया) कांड के विरोध में भाजपा द्वारा एक विरोध कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस शांतिपूर्ण कार्यक्रम के दौरान तृणमूल समर्थकों ने अचानक हमला कर दिया, जिसका नेतृत्व कथित तौर पर सौमित्र बनर्जी कर रहे थे. रबी केशरी ने दावा किया कि इस हिंसक हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और उनकी जान पर बन आई थी,उनकी स्कूटी तोड़ दी गई थी. अपनी शिकायत को मजबूत करने के लिए भाजपा नेता ने पुलिस को उस घटना का एक वीडियो फुटेज भी सौंपा है, जिसमें कथित रूप से उन पर हमला किए जाने के दृश्य मौजूद हैं.
भाजपा नेता ने सौमित्र बनर्जी पर और भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं.उन्होंने कहा कि सौमित्र और उनके सहयोगी न केवल राजनीतिक हिंसा में शामिल हैं, बल्कि इलाके में बालू और कोयला तस्करी जैसी विभिन्न अवैध व आपराधिक गतिविधियों को भी अंजाम दे रहे हैं. भाजपा नेतृत्व ने मांग की है कि ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े अन्य आरोपितों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी.
आरोपों को बताया निराधार, न्याय व्यवस्था पर भरोसा
दूसरी तरफ, अपनी गिरफ्तारी के बाद सौमित्र बनर्जी ने खुद पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.उन्होंने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित और निराधार बताया। सौमित्र ने कहा, मुझे देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और सच जल्द ही सामने आएगा. हालांकि, उन्होंने यह जरूर स्वीकार किया कि छात्र जीवन के दौरान उन्होंने कुछ विवादित बयान दिए थे, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं पर किसी भी तरह का हमला करने के आरोप से साफ इनकार किया. इस दौरान उन्होंने विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी की प्रशंसा भी की, जिसने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है. फिलहाल, भाजपा नेतृत्व अपनी मांग पर अड़ा हुआ है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.


0 टिप्पणियाँ