बांकुड़ा: बांकुड़ा जिले के मेजिया थाना क्षेत्र के तारापुर गांव में एक भाजपा कार्यकर्ता पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शुक्रवार रात भाजपा कार्यकर्ता श्यामल गोप को सड़क पर गिराकर तृणमूल समर्थित कुछ लोगों ने बेरहमी से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी अन्ना गोप की गला दबाकर हत्या की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। गंभीर रूप से घायल श्यामल गोप को परिजनों ने रात में ही बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार सुबह शालतोड़ा की विधायक चंदना बाउरी पीड़ित के घर पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तारापुर गांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता श्यामल गोप शुक्रवार रात अन्य दिनों की तरह घर के पास स्थित मंदिर की ओर जा रहे थे। आरोप है कि घर से कुछ दूरी पर मेजिया ग्राम पंचायत के प्रधान विश्वजीत गोप तथा मेजिया पंचायत समिति के पूर्व सह-सभापति रविलोचन गोप के नेतृत्व में तृणमूल से जुड़े करीब 12 लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने श्यामल गोप को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से मारपीट की और लाठी तथा लोहे की रॉड से भी उनकी पिटाई की। उनकी चीख-पुकार सुनकर पत्नी अन्ना गोप मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया तथा गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों के पहुंचने पर हमलावर वहां से फरार हो गए।
शनिवार सुबह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं शालतोड़ा की भाजपा विधायक चंदना बाउरी ने आरोप लगाया कि केवल भाजपा से जुड़े होने के कारण श्यामल गोप पर हमला किया गया है। उन्होंने मामले में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ