रानीगंज - पश्चिम बंगाल में एसआईआर को लेकर जारी विवाद के बीच कल रात रानीगंज के साहेब बांध इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक डस्टबिन से 25 से अधिक मतदाता पहचान पत्र (वोटर कार्ड) बरामद किए गए. स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कार्डों को अपने कब्जे में ले लिया है.इस घटना ने चुनावी प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
एक ही व्यक्ति के नाम पर दो कार्ड?
घटना के दौरान एक स्थानीय निवासी ने चौंकाने वाला दावा किया.उन्होंने बताया कि उनका असली वोटर कार्ड उनके घर पर सुरक्षित है, बावजूद इसके उनके नाम का एक और कार्ड डस्टबिन में मिला.उन्होंने कहा, मैंने कभी अपना कार्ड कहीं जमा नहीं किया. मुझे आशंका है कि मेरे नाम के कार्ड का गलत इस्तेमाल किया जा चुका है.
नियमों की अनदेखी पर उठे सवाल
मौके पर पहुंचे पूर्व माकपा के पार्षद आरिज जलेस ने इस घटना को लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताया. उन्होंने कहा कि वर्तमान में पुराने कार्ड लेकर नए डिजिटल कार्ड दिए जा रहे हैं, लेकिन प्रक्रिया के अनुसार पुराने कार्डों को चुनाव आयोग द्वारा नियमतः नष्ट किया जाना चाहिए. उन्हें इस तरह खुले डस्टबिन में फेंकना बड़ी लापरवाही या साजिश की ओर इशारा करता है.उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.
सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू
घटना की सूचना मिलते ही बोरो चेयरमैन मुजम्मिल शहजादा भी घटनास्थल पर पहुंचे.उन्होंने भाजपा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा बिहार जैसे राज्यों में बाहरी लोगों से मतदान कराकर भाजपा ने जीत हासिल की थी, वैसा ही कुछ बंगाल में करने की कोशिश की जा रही है,लेकिन यहाँ ममता बनर्जी हैं, उनकी चौकसी के कारण ऐसी साजिशें कामयाब नहीं होंगी. सीरियल नंबरों का खेल कर फर्जी कार्ड बनाना एक गंभीर अपराध है.वही रानीगंज भाजपा मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह का कहना है कि राज्य की तृणमूल कांग्रेस राज्य में हो रहे एसआईआर प्रक्रिया होने नही देना चाह रही है,राज्य सरकार बीडीओ डीआरओ,एईआरओ ,बीएलओ को लगातार मैनेज करने का प्रयास कर रही है,इसी के तहत डुप्लीकेट वोटर कार्ड भी पाया जाना है,हमलोगों का चुनाव आयोग से निवेदन है कि कड़ाई के साथ राज्य में एसआईआर का कार्य कराएं
जांच में जुटी पुलिस
मुजम्मिल शहजादा ने स्पष्ट किया कि इस विषय में पुलिस प्रशासन और बीडीओ से बात की जाएगी। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये कार्ड किस विशेष क्षेत्र के हैं और इन्हें डस्टबिन तक किसने पहुँचाया. फिलहाल पुलिस ने सभी 25 कार्डों को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन जारी है.



0 टिप्पणियाँ