छात्र को नंगा करके उसका वीडियो सोशल मीडिया पर किया वायरल, पीड़ित ने किया आत्महत्या का प्रयास
पीड़ित के पिता स्कूल के प्राचार्य और रानीगंज थाने में दी लिखित शिकायत, नामजद आरोपियों ने कहा उन्होंने नहीं की कोई फोटो वायरल
पीड़ित छात्र ने दूसरे विद्यालय की कक्षा नौ की ही छात्रा का फोटो अपने व्हाट्सएप के डीपी पर लगाकर लिखा था मेरी पत्नी, जिसके बाद हुई यह घटना
रानीगंज. रानीगंज मारवाड़ी सनातन विद्यालय में 13 नवम्बर 2025 को दोपहर ढाई बजे कक्षा नौ के एक छात्र को कुछ युवक जबरन स्कूल के बाथरूम में ले गये व जान से मारने की धमकी देकर उसे नंगा किया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. पीड़ित छात्र को इस वीडियो की जानकारी अपने दोस्तों से मिली, जिसके बाद वह एक दिसंबर रात आठ बजे गले में फंदा डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, लेकिन उसके पिता ऐन मौके पर पहुंच कर उसे बचा लिया. घरवालों को इस वीडियो कांड की पूरी जानकारी मिलने पर, पीड़ित के पिता ने इसकी लिखित शिकायत स्कूल के प्राचार्य से की और कानूनी कार्रवाई के लिये रानीगंज थाने में भी लिखित शिकायत दी. जिसमें दो युवकों को नामजद आरोपी बनाया गया है. स्कूल के शिक्षक प्रभारी सुभाष प्रसाद ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस ने उनसे पूछताछ की है. पुलिस को बताया कि विद्यालय में दो कैम्पस है, सिर्फ एक ग्रुप डी स्टाफ है. कौन आ रहा है या कौन जा रहा है? इसपर निगरानी रखना संभव नहीं है. मामला दो परिवारों के बीच का है. स्कूल प्रबंधन कमेटी की बैठक में इसपर चर्चा के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. मामले में नामजद आरोपी दोनों युवक बीबी कॉलेज आसनसोल में तृतीय वर्ष के छात्र हैं. युवकों ने कहा कि उनलोगों को इस मामले की कुछ जानकारी ही नहीं है, वीडियो भी नहीं देखे हैं. स्कूल के एक शिक्षक ने बताया कि पीड़ित छात्र ने कुछ दिनों पहले स्थानीय दूसरे एक विद्यालय में कक्षा नौ की ही एक छात्रा का फोटो अपने व्हाट्सएप डीपी पर लगाकर माई वाइफ लिख दिया था. जिसे लेकर दोनों परिवारों के बीच हंगामा हुआ था. यह शायद उसी का बदला लिया गया, लेकिन छात्र को नंगा कर वीडियो वायरल करना गलत हुआ है. छात्र ने गलत किया तो सजा देने का अधिकार कानून का है. पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला छात्रों से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसकी अच्छी तरह से पड़ताल करने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी. सूत्रों के अनुसार पूछताछ के लिए सभी पक्षों को पुलिस ने थाना में बुलाया है.
गौरतलब है कि रानीगंज मारवाड़ी सनातन विद्यालय में कक्षा नौ के एक छात्र को जबरन स्कूल के बाथरूम में ले जाया गया और जान से मारने की धमकी देकर उसी के हाथ उसके कपड़े उतरवा कर नंगा करके वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया गया. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पीड़ित छात्र के पिता इस घटना में कार्रवाई की मांग को लेकर स्कूल और पुलिस थाने में शिकायत की है.
क्या है इस पूरी घटना अंदरूनी कहानी ?
पिछले माह उक्त पीड़ित छात्र ने रानीगंज में ही स्थित एक अन्य बालिका विद्यालय में कक्षा नौ की एक छात्रा का फोटो अपने व्हाट्सएप डीपी में लगाकर माई वाइफ लिख दिया था. जिसे लेकर काफी हंगामा हुआ. डीपी से फोटो हटवाया गया. इस घटना के बाद छात्रा अनेकों दिनों तक स्कूल नहीं गयी और मानसिक सदमे में रही. पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच बैठक कर समस्या को सुलझा लिया गया था. उसके बाद उनके बेटे को नंगा कर वीडियो वायरल करने के घटना को अंजाम दिया गया. उन्होंने लड़की के भाई और उसका मित्र को आरोपी बनाया है. लड़की के भाई ने कहा कि इस वीडियो को उसे कोई जानकारी ही नहीं है.


0 टिप्पणियाँ