जामुड़िया: गुरुवार की सुबह घने कोहरे के कारण जामुड़िया थाना क्षेत्र के केंदा फाड़ी इलाके में 60 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक कल्वर्ट अधम बाबा काली मंदिर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया . दीघा से बीरभूम जिला के अफजल पुर जा रही एक पर्यटक बस दूसरी ओर हरीपुर से जामुड़िया जा रही एक मिनी बस आमने-सामने टकरा गईं.
स्थानीय निवासियों ने बताया कि घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई थी, जिसके चलते यह भीषण हादसा हुआ.इस हादसे में दोनों बसों के चालक सहित 18 यात्री घायल हो गए.घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
इस हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 60 पर यातायात कुछ देर के लिए बाधित रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को बहाल किया. वही यात्रियों को दूसरे बस से गंतव्य स्थल तक भेजा गया.
कोयलांचल औद्योगिक क्षेत्र में इन दिनों घने कोहरे का प्रकोप बढ़ गया है. पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही दुर्घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा भी घने कोहरे के कारण हुआ है.
वहीं, अन्य एक घटना में तपसी ओवर ब्रिज पर एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मारी.इस घटना में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे के दौरान सावधानी बरतें और धीमी गति से वाहन चलाएं.

0 टिप्पणियाँ