रानीगंज: रानीगंज प्रखंड अंतर्गत बल्लभपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों के बीच कब्जे को लेकर हुए संघर्ष में गुरुवार को गोलीबारी हो गई. इस घटना में दो पार्टी कार्यकर्ता घायल हो गए हैं. घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है।.
क्या है पूरा मामला?
तृणमूल कांग्रेस के बल्लभपुर क्षेत्र कमेटी के अंतरिम अध्यक्ष अभिजीत भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि दामोदर नदी के पास उनके घर पर जब तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे,उस दौरान एगरा ग्राम पंचायत के पूर्व उप प्रधान सह तृणमूल कांग्रेस के नेता अशोक हेला के भाई किरण हेला के नेतृत्व में 30 से 40 लोगों ने अचानक आग्नेयास्त्रों से हमला किया.हमले के दौरान पार्टी के 5-6 कार्यकर्ता घर में मौजूद थे, जो जान बचाकर किसी तरह से भाग निकले. इस भगदड़ में दो कार्यकर्ता घायल हो गए.
दोनों गुटों में क्या है विवाद?
स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ताओं के अनुसार, अशोक हेला, बल्लभपुर ग्राम पंचायत के उप प्रधान सिधान मंडल और अभिजीत भट्टाचार्य एक गुट में हैं, जबकि कुछ अन्य नेता दूसरे गुट में हैं. हाल ही में एक निजी संस्था द्वारा बालू घाट से बालू निकासी शुरू करने की योजना बनाई गई है. इसी को लेकर दोनों गुटों के बीच श्रमिकों की भर्ती और अन्य मुद्दों पर विवाद चल रहा है.
क्या कहते हैं उप प्रधान
हालांकि, अशोक हेला और सिधान मंडल ने इस आरोप से इनकार किया है,अशोक हेला के भाई किरण हेला और विक्रम हेला ने भी इस बात से इनकार किया कि उन्होंने हमला किया है.उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।
पुलिस ने अभिजीत भट्टाचार्य की लिखित शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है पुलिस का कहना है कि वह सभी पहलुओं पर गौर कर रही है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
वहीं तृणमूल कांग्रेस के आसनसोल दक्षिण ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष देवनारायण दास ने कहा कि वह घटना की पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही वह कोई टिप्पणी करेंगे.


0 टिप्पणियाँ