झारखंड से चोरी हुई ट्रक पानागढ़ से बरामद
दुर्गापुर: काकसा थाना की पुलिस ने ट्रक चोरी का उसे ठिकाने लगाने के आरोप में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया. मंगलवार आरोपी को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया ,जहां सुनवाई के दौरान उसे 4 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया. पकड़ा गया आरोपी सोहित कुमार ( 22) बिहार के भागलपुर जिला स्थित कजरौली ग्राम का रहने वाला है. आरोपी के खिलाफ भादवि की धारा संख्या 379/ 411 /120 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक सोमवार शाम लॉरी पानागढ़ इलम बाजार सब वे से गुजर रही थी, उसी दौरान तैनात ट्रैफिक पुलिस जवानों को संदेह होने पर ट्रक रोककर चालक से लाइसेंस की मांग की. चालक के पास लाइसेंस नहीं था. इस कारण ट्रैफिक विभाग की ओर से आनलाइन चालान काटा गया. पूछताछ करने पर चालक सोहित ने ट्रक के मालिक का नंबर बता दिया. ट्रैफिक पुलिस द्वारा जांच करने पर पता चला कि यह ट्रक झारखंड के रामगढ़ निवासी मुकेश प्रसाद के नाम पर रजिस्ट्रेशन है. ट्रैफिक पुलिस द्वारा चालान काटने पर ट्रक मालिक के पास मैसेज गया. तब तक सोहित कुमार ट्रक को लेकर आगे बढ़ गया था. कुछ समय बाद ट्रक मालिक मुकेश कुमार ने पूछताछ की तो पता चला कि कांकसा ट्रैफिक ने यह चालान काटा है. ट्रक मालिक ने पुलिस को बताया कि उनका यह ट्रक चोरी हुआ है.सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से आसपास के पुलिस को सतर्क किया गया एवं ट्रैफिक पुलिस एवं थाने की पुलिस मिलकर ट्रक की तालाश में निकल गई. तलाशी के दौरान ट्रक पानागढ़ रेलवे ओवरब्रिज के नजदीक एक पेट्रोल पंप पर मिला. पुलिस ने ट्रक जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया. इस बारे में पुलिस ने बताया कि चोरी के आरोप में चालक को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है और ट्रक मालिक को घटना की सूचना दी गई है.

0 टिप्पणियाँ