खदान में काम बंद होने से पांच हजार से अधिक श्रमिक बेरोजगार
काम नहीं खुला तो होगा जोरदार आंदोलन
दुर्गापुर: बीते तीन महीने से प्रशासन द्वारा पत्थर खदान में काम बंद कर दिए जाने के कारण ग्राम के करीब पांच हजार से अधिक श्रमिक एवं उनके परिवार बेरोजगार हो गए है. बुधवार पत्थर खदान में काम शुरू कराने की मांग को लेकर ग्राम के हजारों महिला पुरुष एकजुट होकर माथे पर टोकरी एवं कुदाल लेकर खदान के समीप प्रदर्शन किया एवम जल्द काम शुरू करने की मांग की .अन्यथा जोरदार आंदोलन करने की चेतावनी दी. प्रदर्शन के दौरान उत्तेजित लोगों ने सुनील किस्कू नामक आदिवासी व्यक्ति पर काम बंद कराने का आरोप लगाते हुए उसके घर का घेराव कर हंगामा मचाया. जिससे इलाके में उत्तेजना फैल गई .सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची एवं आंदोलन कर रहे ग्रामीणों को समझा कर मामले को शांत कराया. उल्लेखनीय है कि दुर्गापुर के एक नंबर वार्ड अंतर्गत कमलपुर ग्राम इलाके में करीब आधा दर्जन से अधिक मोरम एवं खदान से भरा जमीन है. कहावत है कि उक्त जमीन ब्रिटिश शासनकाल में 999 वर्षों के लिए अंग्रेजों ने चटर्जी परिवार को लीज के तौर पर दिया था. पत्थर एवं मोरम से भरा कई एकड़ में फैला उक्त जमीन पूरी तरह से बंजर है. जमीन के मालिकाना को लेकर चटर्जी परिवार एवं राज्य सरकार के बीच पिछले कई वर्षों से कानूनी दांवपेच चल रहा हैं. उक्त जमीन से अवैध तरीके से पत्थर एवं मोरम निकालने का कार्य वर्षो से कुछ दबंग लोग करते है. पत्थर एवं मोरम निकालने के लिए ग्राम के करीब पांच हजार से अधिक लोग इस पर ही आश्रित हैं. कम कीमत पर सारा दिन जमीन से पत्थर एवं मोरम निकाल कर इन का परिवार चलता है. पिछले 3 महीना पहले स्थानीय सुनील किस्कू नामक व्यक्ति द्वारा विवादित जमीन से अवैध तरीके से पत्थर निकालने की शिकायत प्रशासन के उच्च विभागीय अधिकारियों से की गई थी . इसे संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने कई मोरम एवं पत्थरों से लदा कई वाहनों को जब्त कर पत्थर निकालने का काम को पूरी तरह से बंद करा दिया था. काम बंद होने से पांच हजार से अधिक श्रमिक एवं उनके परिवार बेरोजगार हो गए हैं. श्रमिकों ने बताया कि दुर्गा पूजा नजदीक है. पत्थर खुदाई का काम बंद होने से परिवार पूरी तरह से आर्थिक संकट से जूझ रहा है. प्रशासन को इस मामले में हस्तक्षेप कर कानूनी तरीके से खदान का काम शुरू कराना चाहिए . अन्यथा काम से जुड़े बेरोजगार लोग भूमि राजस्व विभाग कार्यालय के समीप प्रदर्शन करेंगे. इस बारे में पुलिस ने बताया कि लोगों की मांग को देखते हुए थाने में प्रशासनिक स्तर पर बैठक बुलाई गई है. उम्मीद है कि मामले का समाधान हो पाएगा.

0 टिप्पणियाँ