आसनसोल : पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी का मामला काफी चर्चित है। इस मामले को लेकर केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई और ईडी जांच कर रही है। जिसमें कोल इंडिया के अनुषांगिक कंपनी ईसीएल के कई सेवानिवृत्त और कार्यरत अधिकारियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल हुआ है। अब तक इस मामले में सीबीआई ने 41 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। जिसमें ईसीएल के अधिकारी के अलावा कई व्यवसायी, ईसीएल के सुरक्षा अधिकारी, विनय मिश्रा, और लाला उर्फ अनूप मांजी एवं उसके पार्टनर का नाम शामिल है। हालांकि अभी तक इस मामले में आठ ईसीएल अधिकारियों को ही गिरफ्तार किया गया है। इसमें विनय मिश्रा भी शामिल है। हालांकि इस मामले का किंगपिंग कहे जाने वाले अनूप मांजी उर्फ लाला अभी तक सुप्रीम कोर्ट के सुरक्षा कवच के कारण सीबीआई के गिरफ्तारी से बचा हुआ हैं। लेकिन अब इस मामले को लेकर सीआईडी भी मैदान में कूद गई है। सीआईडी के द्वारा भी जांच शुरू किया गया है। इसको लेकर आसनसोल के पूर्व मेयर वर्तमान में भाजपा के नेता जितेंद्र तिवारी को भी सीआईडी ने पूछताछ के लिए समन भेजा है। इसके अलावा बांकुड़ा के भाजपा नेता विवेकानंद पात्रा और आसनसोल के जिला नेता सुब्रत मिश्रा को भी सीआईडी ने पूछताछ के लिए सामान भेजा है। इन लोगों को बुधवार और गुरुवार को बुलाया गया था जबकि सीआईडी ने जितेंद्र तिवारी को शुक्रवार को कोलकाता स्थित सीआईडी कार्यालय में पेश होने के लिए समन भेजा है। हालांकि भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने सीआईडी के किसी भी समन को मिलने से इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि अभी तक उन्हें सीआईडी के द्वारा भेजा गया किसी प्रकार का कोई समन या पत्र नहीं मिला है। सूत्रों कि माने तो अंडाल के एक कोयला तस्करी के मामले में गवाह के रूप में पूछताछ के लिए जितेंद्र तिवारी को सीआईडी ने समन भेजा है। हालांकि जितेंद्र तिवारी के करीबी सूत्रों के अनुसार यदि ऐसा कोई पत्र हो मिलता है, तो जितेंद्र तिवारी सीआईडी को पत्र के माध्यम से यह सूचित करेंगे कि वे कब सीआईडी के समक्ष उपस्थित होंगे। अब तक सीबीआई और ईडी के द्वारा कोयला तस्करी मामले की जांच की आंच तृणमूल कांग्रेस के नंबर दो के नेता के रूप में जाने जाने वाले अभिषेक बनर्जी उनकी पत्नी रुजीरा बनर्जी और और साली मेनका तक पहुंच चुकी है। क्योंकि सीबीआई और ईडी ने सभी को पूछताछ के लिए तलब कर चुकी है। देखना है कि सीआईडी अब इस मामले में क्या गुल खिलाती है।


0 टिप्पणियाँ