आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के अंतर्गत कार्य करने वाले ठेका श्रमिकों ने आसनसोल म्युनिसिपल कॉरपोरेशन कैजुअल वर्कर्स कमेटी के बैनर तले वेतन बढ़ाने, मेडिकल फैसिलिटी के तहत ईएसआई कार्ड, पीएफ, सप्ताहिक छुट्टी, पहचान पत्र सहित अन्य मांगों को लेकर बुधवार को मेयर एवं एएमसी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कमेटी के महासचिव मोहम्मद आफताब आलम ने बताया कि आसनसोल नगर निगम के सभी 106 वार्डों में तीन हजार के करीब ठेका श्रमिक कार्यरत हैं। कोई 5 वर्षों से काम कर रहा है कोई 10 वर्षों से तो कोई 15 वर्षों से परंतु अभी तक पहले जो मेहनताना मिलता था। अभी भी वही मेहनताना मिल रहा है। इस महंगाई के जमाने में हमें मात्र 317 रुपये हाजिरी मिल रही है। इतने पैसे में हमलोग अपना परिवार कैसे चलाएंगे। इसके लेकर हमलोग लगातार वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। हमलोगों की मुख्य मांग है कि हमारा हाजिरी 500 रुपये तक हो, हमें मेडिकल फैसिलिटी के तहत ईएसआई कार्ड दिया जाए, पीएफ, सप्ताहिक छुट्टी, पहचान पत्र हमें दिया जाए ताकि हमलोग भी अपने परिवार का भरण पोषण अच्छी तरह से कर पाएं। इसे लेकर आज हमलोग मेयर एवं एमसी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है। इससे पहले हमलोगों ने बीते 28 जुलाई को मेयर को ज्ञापन सौंपा था। मेयर ने कहा था कि चुनाव के बाद इस पर विचार किया जाएगा। परंतु आज हमलोगों ने जब फिर से मेयर को ज्ञापन सौंपा तो उन्होंने यहां पर ज्ञापन देने के लिए मना किया। साथ ही उनके तरफ से कोई भी विशेष आश्वासन नहीं मिला। अगर हमलोगों की मांगे नहीं मानी गई तो हम लोग आंदोलन पर उतरेंगे।

0 टिप्पणियाँ