आसनसोल : 15 अगस्त की सुबह जब सारा शिल्पांचल 75 वां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आजादी का जश्न मना रहा था।उसी समय आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर हाउसिंग इलाके में एक दुखद घटना घटी। जब घर की छत पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के दौरान करंट लगने से सौमिक दत्ता नामक एक आईआईटी के एक छात्र की मौत हो गई। यह खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी। पुलिस सूत्रों के अनुसार आईआईटी के छात्र सौमिक दत्ता अन्य लोगों की तरह आसनसोल के कल्याणपुर हाउसिंग के एस/1 इलाके में अपने घर की दूसरी मंजिल की छत पर झंडा लगाने गए थे। वह छत पर जीआई तार से झंडे बांध रहा था। लेकिन झंडा बांध रहे जीआई तार किसी तरह उनके घर की छत से लगे बिजली के तारों के संपर्क में आ गया। बिजली का करंट लगने से सौमिक छत पर बेहोश होकर गिर पड़ा। घर के लोगों को जब पता चला और शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़ पड़े। सौमिक को जब आसनसोल जिला अस्पताल लाया गया, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आसनसोल नगरनिगम के वार्ड नंबर 22 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद अनिमेष उर्फ अनिर्बान दास सूचना पाकर मृतक के घर गये और शोक जताया।


0 टिप्पणियाँ