आसनसोल : प्रदेश सचिव प्रसन्नजीत पूईतंडी के नेतृत्व में आए दिन विभिन्न मुद्दों को लेकर नयाब तरीकों से प्रदर्शन किया जाता रहा है। वे अपने अनोखे प्रदर्शन से हमेशा समाचार की सुर्खियों में रहते हैं। कुछ ऐसा ही नयाब प्रदर्शन शनिवार को कोर्ट परिसर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के द्वारा देखने को मिला। जब तृणमूल कांग्रेस के दबंग नेता बीरभूम जिला के जिलाध्यक्ष अनुव्रत मंडल को सीबीआई के द्वारा शनिवार को आसनसोल के विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाना था। इस मौके पर राष्ट्रीय कांग्रेस के तरफ से अनूठे तरीका से अनुव्रत मंडल का विरोध किया गया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में मांगुर मछली लेकर कोर्ट परिसर में बेचना शुरू कर दिया और अनुव्रत मंडल एवं टीएमसी के विरोध में नारे लगाने लगे। इस मौके पर प्रसन्नजीत पूईतंडी ने कहा की अनुव्रत मंडल पहले बीरभूम में मांगुर मछली का व्यवसाय करता था। लेकिन आज करोड़ों करोड़ों रुपया,राइस मिल, लग्जरी कारों का मालिक कैसे बन गया। यह सब चोरी का पैसा है। इसलिए हम लोग विरोध कर रहे हैं कि सीबीआई अनुव्रत मंडल का पूरी ईमानदारी के साथ जांच करें। ताकि चोरी का पैसा सरकार के खाते में चल जाए और अनुव्रत मंडल फिर से मछली बेचने के लिए बाध्य हो । उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो और राज्य के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने अनुव्रत मंडल के बचाव में कही है कि एक अनुव्रत मंडल को पकड़ने से कुछ नहीं होगा। लाखों लाख अनुव्रत मंडल निकलेंगे। यह बात कहने में ममता बनर्जी को जरा भी लज्जा नहीं आई। वह चोर को प्रश्रय देती है। प्रसनजीत ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हवाई चट्टी पर चलकर राज्य के लोगों को धोखा दे रही है। दरअसल यह सब हैं चुना पुटी। असली चोर है हवाई चट्टी। कांग्रेस के इस प्रदर्शन से एक समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जब वहां तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। और इनके प्रदर्शन करने पर विरोध जताया इस दौरान कांग्रेस और टीएमसी कार्यकर्ताओं में हाथापाई भी हो गई। लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया। हालांकि कांग्रेस नेताओं और पुलिस के साथ तल्खी के साथ वार्ता हुई। पुलिस उनको मछली के साथ अदालत परिसर में प्रवेश करने नहीं दिया। इस प्रदर्शन को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम कर दिया गया ।

0 टिप्पणियाँ