रानीगंज: रानीगंज रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के दिवंगत सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद जावेद खान की स्मृति में निर्मित ‘स्व. मोहम्मद जावेद खान बैरक’ का उद्घाटन किया गया.कार्यक्रम में पूर्व रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और दिवंगत अधिकारी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
कार्यक्रम में पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद के. देउसकर, आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) संग्रह मौर्य तथा पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिय नंदन सिन्हा सहित कई अधिकारी मौजूद थे. बैरक का उद्घाटन पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष सीमा देउसकर ने किया.
इस अवसर पर अधिकारियों ने स्व. मोहम्मद जावेद खान के परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनकी पत्नी और पुत्र को स्मृति-चिह्न भेंट किया. साथ ही उनकी पत्नी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. अधिकारियों ने कहा कि जावेद खान की कर्तव्यनिष्ठा, सेवा भावना और योगदान को रेलवे परिवार हमेशा याद रखेगा. उनका जीवन और कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा.
कार्यक्रम के दौरान रेलवे के विकास संबंधी योजनाओं पर भी चर्चा की गई. डीआरएम संग्रह मौर्य और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर रानीगंज रेलवे स्टेशन के विस्तार, रेलवे लाइन संबंधी विकास कार्यों तथा यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के विभिन्न प्रस्तावों की समीक्षा की.
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि स्टेशन के आधुनिकीकरण और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को अधिक सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें.




0 टिप्पणियाँ