रानीगंज- पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनाव और चुनाव बाद हुई हिंसा से जुड़े मामलों में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की रानीगंज थाना पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में रानीगंज पंचायत समिति के सदस्य एवं एगरा ग्राम पंचायत के पूर्व उपप्रधान अशोक हेला तथा तृणमूल श्रमिक संगठन के नेता एवं एगरा पंचायत सदस्य विवेक मंडल शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, दोनों नेताओं के खिलाफ चुनाव के दौरान और उसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले, मारपीट, धमकी, तोड़फोड़ तथा हिंसा से जुड़े कई मामले दर्ज हैं.इसके अलावा इलाके में दबंगई, विरोधी राजनीतिक दलों के नेताओं को धमकाने, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, डराकर जमीन कब्जाने और क्षेत्र में आतंक का माहौल बनाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं.
मंगलवार को गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को बुधवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया. पुलिस सूत्रों ने बताया कि रानीगंज थाना क्षेत्र में स्थानीय लोगों के संभावित आक्रोश को देखते हुए दोनों को बुधवार सुबह ही दूसरे थाने में स्थानांतरित कर दिया गया था.बाद में उन्हें आसनसोल नॉर्थ थाने से कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत लाया गया.इस दौरान दोनों नेताओं को चेहरे पर मास्क लगाए हुए देखा गया.
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस मामले से जुड़े पुराने आरोपों और दर्ज मुकदमों की भी जांच कर रही है. अदालत में पेशी के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.पुलिस का कहना है कि चुनाव बाद हिंसा से जुड़े मामलों की जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी.




0 टिप्पणियाँ