सालानपुर : दक्षिण 24 परगना के फल्ता के बाद पश्चिम बर्धमान के सालानपुर में भी पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई है। सालानपुर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष विजय सिंह उर्फ भोला सिंह को पुलिस रिमांड के दौरान मंगलवार सुबह रूपनारायणपुर इलाके में सड़क पर पैदल चलाकर ले जाया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रूपनारायणपुर चौकी की पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच भोला सिंह को बस स्टैंड से मुख्य सब्जी बाजार तक पैदल ले जाकर घटनास्थलों की जांच कराई। इस दौरान वह साधारण हाफ पैंट में दिखाई दिए। आरोपी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हो गए और कुछ लोगों ने 'चोर-चोर' के नारे भी लगाए, जिससे इलाके में हलचल का माहौल बन गया।
उल्लेखनीय है कि गत गुरुवार को सालानपुर थाना पुलिस ने अवैध पत्थर खदान और जबरन वसूली से जुड़े आरोपों में भोला सिंह को गिरफ्तार किया था। अगले दिन अदालत ने उन्हें छह दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कानूनी और मानवाधिकार संबंधी बहस भी तेज हो गई है। कुछ कानूनविदों का कहना है कि किसी आरोपी को सार्वजनिक रूप से इस तरह पेश करना उचित है या नहीं, इस पर गंभीर चर्चा की आवश्यकता है।
वहीं भाजपा नेताओं बाबन मंडल और चिन्मय तिवारी ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से फैले कथित सिंडिकेट राज और दबंगई के खिलाफ यह एक आवश्यक कदम है। घटना को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है।

0 टिप्पणियाँ