कल्याणी। बिधाननगर के पूर्व मेयर और तृणमूल कांग्रेस के नेता सब्यसाची दत्ता की गिरफ्तारी के बाद चल रही जांच के दौरान पुलिस ने नदिया जिले के तेहट्टा में जिला परिषद सदस्य एवं तृणमूल नेता टीना भौमिक साहा के घर पर छापेमारी कर करीब 4.39 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के गहने बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त गहनों का कुल वजन लगभग तीन किलोग्राम है।
बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट की विशेष जांच टीम सोमवार देर रात गिरफ्तार सब्यसाची दत्ता को साथ लेकर तेहट्टा पहुंची और टीना भौमिक साहा के आवास पर तलाशी अभियान चलाया। कई घंटों तक चली इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
सब्यसाची दत्ता को हाल ही में जबरन वसूली, अवैध प्रवेश और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान उनके राजारहाट स्थित फ्लैट और बैंक लॉकरों से पहले ही लगभग साढ़े तीन किलोग्राम सोना तथा सोने की खरीद से संबंधित कई दस्तावेज और रसीदें बरामद की जा चुकी हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मिले इनपुट और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर नदिया में यह कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस जब्त किए गए सोने के स्रोत और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है।
हालांकि, मामले में टीना भौमिक साहा की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।



0 टिप्पणियाँ