रानीगंज: सामाजिक सरोकारों को समर्पित संस्था 'रंगोली' ने एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए गुरुवार को रानीगंज के बाँसड़ा इलाके में मानवता की मिसाल पेश की. संगठन की ओर से क्षेत्र के एक फ्री प्राइमरी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच छाते और खाद्य सामग्री का वितरण किया गया.
भीषण गर्मी में बच्चों को मिली राहत
कार्यक्रम के दौरान कुल 80 बच्चों को छाते प्रदान किए गए, ताकि वे धूप और आने वाली बरसात से बच सकें. इसके साथ ही बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें केक, चॉकलेट, बिस्किट और अन्य पौष्टिक भोजन सामग्री भी दी गई. उपहार पाकर स्कूली बच्चों के चेहरे खिल उठे.
बिना पद और भेदभाव के सेवा का संकल्प
संगठन की सक्रिय सदस्य पूजा केसरी ने संस्था की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 'रंगोली' की सबसे बड़ी विशेषता इसकी एकता है.उन्होंने कहा की हमारे संगठन में कुल 40 सदस्य हैं, लेकिन यहाँ कोई ऊंच-नीच या बड़ा पदाधिकारी नहीं है. हम सभी एक समान भाव से सेवा करते हैं. संगठन विश्वास के साथ काम करता है.
निरंतर जारी हैं सेवा कार्य
संस्था की सदस्य रूही साव, डिंपल केशरी, पूजा गुप्ता और मोनिका केशरी ने बताया कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब संगठन ने इस तरह का कार्य किया है. इससे पूर्व कॉलेज पाड़ा स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की सुविधा हेतु दो पंखे प्रदान किए गए थे. सर्दियों के मौसम में जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण का सफल अभियान चलाया गया था.समय-समय पर गर्मी में राहगीरों और बच्चों के लिए सत्तू वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं.
समाज में बदलाव की एक छोटी कोशिश
संगठन के सदस्यों का कहना है कि वे अपने निजी स्तर पर संसाधन जुटाकर इन कार्यक्रमों को अंजाम देते हैं. उनका मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग के लोगों को राहत पहुँचाना और एक सार्थक प्रभाव छोड़ना है.भविष्य में भी संगठन द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में इसी तरह के सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया गया है.





0 टिप्पणियाँ