जामुड़िया में माकपा की विशाल जनसभा; मोहम्मद शब्बीर हुसैन के पक्ष में वोट की अपील
जामुड़िया: जामुड़िया थाना मोड़ स्थित बस स्टैंड के पास माकपा प्रत्याशी मोहम्मद शब्बीर हुसैन के समर्थन में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया. इस सभा में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे माकपा राज्य कमेटी सचिव मोहम्मद सलीम ने तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने दोनों दलों को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा, टीएमसी और बीजेपी दोनों एक ही गोदाम के माल हैं, बस उनका शोरूम अलग-अलग है.
सांप्रदायिकता और ध्रुवीकरण पर प्रहार
मोहम्मद सलीम ने दोनों दलों को सांप्रदायिक करार देते हुए आरोप लगाया कि ये पार्टियां लोगों को जाति और धर्म के नाम पर बांटने की राजनीति कर रही हैं. उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार कभी नहीं बन सकती, इसलिए भाजपा को वोट देना अपना कीमती वोट बर्बाद करने के समान है.
भ्रष्टाचार और श्रमिक शोषण का मुद्दा
राज्य सरकार को घेरते हुए सलीम ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने बंगाल को लूटकर खोखला कर दिया है. उन्होंने जामुड़िया के स्थानीय मुद्दों पर बात करते हुए कहा की इलाके में श्रमिकों का शोषण हो रहा है और उन्हें उनके हक से वंचित रखा जा रहा है। इसका मुख्य कारण टीएमसी की आपसी 'तोलाबाजी' और गुटबाजी है.यदि जनता को अपना अधिकार पाना है, तो इन तोलाबाजी करने वाले तत्वों के खिलाफ मजबूती से लड़ना होगा. उन्होंने कहा कि एनआरसी के नाम पर बंगाल की जनता को जिस तरह परेशान किया गया है, उसके लिए राज्य के लोग भाजपा को कभी माफ नहीं करेंगे.
दिग्गज नेताओं की उपस्थिति
जनसभा के दौरान माकपा प्रार्थी मोहम्मद शब्बीर हुसैन के साथ मंच पर वामपंथी राजनीति के कई दिग्गज चेहरे मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे आभाष राय चौधरी (केंद्रीय कमेटी सदस्य)जहांआरा खान (राज्य कमेटी सदस्य),,गौरांग चटर्जी (जिला सचिव),तापस कवि, मनोज दत्ता, कलीमुद्दीन अंसारी और अब्दुल कयूम.
सभा के अंत में मोहम्मद सलीम ने आह्वान किया कि बंगाल को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने और अपने अधिकारों की बहाली के लिए माकपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि विधानसभा में जनता के हक की आवाज बुलंद की जा सके.


0 टिप्पणियाँ