आसनसोल: केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस, टीएमसी और अन्य विपक्षी दल देश की महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखना चाहते हैं. शनिवार को आसनसोल के शितला स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने महिला आरक्षण बिल और परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार का पक्ष रखा.
इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य सहित अन्य जिला स्तरीय नेता उपस्थित थे.
महिला आरक्षण पर टीएमसी-कांग्रेस को घेरा
केंद्रीय मंत्री ने संसद में महिला आरक्षण बिल को लेकर हुई खींचतान के लिए सीधे तौर पर कांग्रेस और टीएमसी को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा, यह बड़े अफसोस की बात है कि टीएमसी की प्रमुख स्वयं एक महिला हैं, इसके बावजूद उनकी पार्टी ने इस बिल का विरोध किया. यह पहली बार नहीं है; इन दलों ने हमेशा महिलाओं को हक देने के मार्ग में रोड़ा अटकाया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की महिलाओं ने अब देख लिया है कि कौन उनके साथ है और कौन उनके अधिकारों के खिलाफ.
परिसीमन (डीलिमिटेशन) पर विपक्ष के आरोपों को किया खारिज
विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों—कि केंद्र सरकार आरक्षण की आड़ में परिसीमन की राजनीति कर रही है—का जवाब देते हुए जी. किशन रेड्डी ने कहा की
राहुल गांधी के नेतृत्व में केवल विरोध: विपक्ष के पास कोई ठोस कारण नहीं है, वे केवल विरोध के लिए विरोध कर रहे हैं।
पुराने नियमों का पालन: नरेंद्र मोदी सरकार ने परिसीमन के लिए कोई नया नियम नहीं बनाया है। कांग्रेस के कार्यकाल में तय किए गए नियमों के आधार पर ही सीटों को आनुपातिक रूप से बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा था।
पिछड़ों को हक से वंचित रखने की साजिश: उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, सपा और टीएमसी जैसी पार्टियां इसलिए विरोध कर रही हैं क्योंकि वे नहीं चाहतीं कि एससी-एसटी, ओबीसी और पिछड़े वर्ग की महिलाएं सत्ता में आएं। वे चाहते हैं कि सत्ता केवल 'कुछ परिवारों' तक सीमित रहे।
कोयला माफिया पर सख्त रुख
संवाददाता सम्मेलन के दौरान जब उनसे पूछा गया कि एक तरफ भाजपा 4 मई के बाद कोयला माफियाओं के खात्मे का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ कई माफिया भाजपा में शामिल हो रहे हैं, तो इस विरोधाभास पर मंत्री ने स्पष्ट किया की भाजपा के लिए माफिया केवल माफिया होता है, चाहे वह किसी भी दल में हो। भाजपा ऐसे तत्वों को कभी बढ़ावा नहीं देती और कानून अपना काम करेगा.
कांग्रेस-टीएमसी पर प्रहार
जी. किशन रेड्डी ने अंत में कहा कि पूरे देश में कांग्रेस और टीएमसी एक साथ मिलकर चलते हैं, जबकि बंगाल में एक-दूसरे का विरोध करने का केवल ढोंग करते हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा नए चेहरों और समाज के हर वर्ग को सत्ता में भागीदारी दिलाने के लिए अपना प्रयास जारी रखेगी.

0 टिप्पणियाँ