रानीगंज: अपनी उदारता और समाज सेवा के लिए पहचानी जाने वाली रानीगंज की महिलाओं की संस्था 'रंगोली' ने इस भीषण गर्मी में स्कूली बच्चों को राहत देने के लिए एक विशेष पहल की है.बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए, संस्था की सदस्यों ने छोटे बच्चों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है.
तपती धूप में बच्चों का रखा ख्याल
वर्तमान में गर्मी का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुँच चुका है.प्रशासन ने भी दोपहर के समय बिना जरूरी काम के बाहर न निकलने की सलाह दी है. ऐसे कठिन समय में, रानीगंज के बरदही के बाउरी पाड़ा इलाके में स्थित श्री शारद विद्या मंदिर स्कूल में बच्चों को पढ़ाई के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था.संस्था की महिलाओं ने गौर किया कि स्कूल के कई पंखे खराब हो चुके हैं, जिससे बच्चे बेहाल थे.
पंखे और उपहारों का वितरण
बच्चों की तकलीफ को देखते हुए 'रंगोली' संस्था ने तुरंत कदम उठाया और स्कूल प्रशासन को नए सीलिंग फैन (छत के पंखे) भेंट किए. इसके साथ ही बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए उन्हें फूड पैकेट्स और मिठाइयां भी बांटी गईं.आयोजकों को उम्मीद है कि इस पहल से नन्हे छात्रों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी.
40 महिलाओं की एकजुटता से समाज सेवा
उल्लेखनीय है कि इस संगठन में कुल 40 महिलाएं शामिल हैं, जो अपनी निजी बचत से पैसा इकट्ठा कर सामाजिक कार्य करती हैं. रानीगंज के विभिन्न हिस्सों में यह संस्था पहले भी कई जनसेवा के कार्य कर चुकी है.संस्था के सदस्यों ने बताया कि हमारा लक्ष्य समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है. आने वाले समय में भी हम कई बड़े सेवा कार्य करेंगे, जिसे फिलहाल हमने सस्पेंस रखा है.
संस्था द्वारा पंखे प्रदान किये जाने पर विद्यालय के प्राचार्य पिंटू गुप्ता ने आभार प्रकट किए.



0 टिप्पणियाँ